आशुतोष द्विवेदी, रीवा। रीवा जिले के डभौरा से दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पुराने विवाद की रंजिश में हिस्ट्रीशीटर पिता-पुत्र और उनकी सहयोगी बेटी ने एक परिवार के घर में घुसकर मारपीट की। इतना ही नहीं अगले दिन दोबारा घर पहुंचकर ट्रैक्टर से कुचलकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है और पुलिस से सुरक्षा की मांग कर रहा है।
मामला डभौरा बस्ती के छमुआ रोड इलाके का है। पीड़ित नीरज का आरोप है कि कुछ दिन पहले उसके साथ हुई मारपीट की शिकायत डभौरा थाने में दर्ज कराई गई थी। इसी शिकायत से नाराज होकर 13 जुलाई को अजय सिंह, उसका बेटा विक्रम सिंह, बेटी रागिनी सिंह और उनके साथी कुशलेंद्र सिंह उर्फ छोटू कथित तौर पर उसके घर पहुंचे और घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की।
ये भी पढ़ें: गड़े धन के लालच में कारोबारी की नरबलि: नदी किनारे दफन मिला शव, 6 दिन में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी
पीड़ित का कहना है कि घटना के अगले दिन यानी 14 जुलाई की सुबह आरोपी फिर उसके घर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। इस दौरान ट्रैक्टर से कुचलकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। लगातार मिल रही धमकियों के कारण पूरा परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है। स्थानीय लोगों के अनुसार, अजय सिंह क्षेत्र का पुराना अपराधी है, जिस पर चोरी और डकैती समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
ये भी पढ़ें: आखिर क्यों करता था ऐसी चोरी? हॉस्टल से छात्राओं के कपड़े चुराने वाला गिरफ्तार, घर से मिले कई महिला वस्त्र
वहीं उसका बेटा विक्रम सिंह भी विभिन्न मामलों में आरोपी बताया जा रहा है। इस मामले में रागिनी सिंह का नाम भी सामने आया है। हालांकि उसके खिलाफ इस प्रकरण में क्या कानूनी कार्रवाई हुई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, तत्काल गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। वहीं अब सभी की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

