आशुतोष द्विवेदी, रीवा। संजय गांधी अस्पताल में लापरवाही की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही है। हाल ही में जच्चा और बच्चा की मौत और जिंदा मरीज को मृत बताए जाने के बाद अब बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि कुत्ते के काटने पर अस्पताल पहुंचे एक युवक को अस्पताल ने सांप काटने वाला इंजेक्शन लगा दिया।
युवक के मुताबिक, उसे कुत्ते ने काट लिया था। इसके बाद वह एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए संजय गांधी अस्पताल पहुंचा। युवक का आरोप है कि अस्पताल में मौजूद डॉक्टर ने उसे कुत्ते के काटने के इलाज के बजाय सर्पदंश का इंजेक्शन लगा दिया। मामला सामने आने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों को दिए जा रहे उपचार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वहीं युवक ने इस पूरे मामले की सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करने की बात कही है। अब सवाल यह है कि अगर आरोप सही हैं, तो मरीज को गलत इंजेक्शन लगाने की जिम्मेदारी किसकी है? क्या अस्पताल प्रबंधन इस मामले की जांच कराएगा और दोषी पाए जाने पर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई होगी ? फिलहाल युवक के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



