चंडीगढ़: उत्तराखंड के ऋषिकेश से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां हरियाणा के रहने वाले एक युवक के साथ कुछ युवकों ने कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने युवक के कपड़े उतार दिए और उसे सड़क पर घसीटते हुए जमकर पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में कुछ युवक पीड़ित के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवक को सड़क पर घसीटते हुए भी देखा जा सकता है। इस दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे।
पीड़ित का आरोप- मोबाइल चोरी का विरोध किया तो टूट पड़े
पीड़ित युवक के मुताबिक, घटना के दौरान उसका मोबाइल फोन चोरी हो गया था। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित ने बताया कि आरोपी उम्र में उससे छोटे थे। उसने उन्हें छोटे भाई जैसा समझकर उन पर हाथ नहीं उठाया, लेकिन आरोप है कि युवकों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसके कपड़े तक उतार दिए।
VIDEO वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस घटना ने ऋषिकेश में कानून-व्यवस्था और राहगीरों की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच के बाद ही मारपीट की पूरी वजह और घटना में शामिल आरोपियों की सही संख्या स्पष्ट हो सकेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


