Bihar News: भोजपुर में हुए भरत तिवारी के एनकाउंटर को लेकर बक्सर से राजद सांसद सुधाकर सिंह ने एक बड़ा ही विवादित बयान दिया है। सुधाकर सिंह ने कहा कि, लालू प्रसाद यादव आज इसलिए ही खलनायक हैं, क्योंकि उन्होंने उनका (सम्राट चौधरी) एनकाउंटर नहीं कराया था। राजद सांसद ने कहा कि, अगर उनका एनकाउंटर हो गया होता तो, आज वह बिहार के मुख्यमंत्री नहीं बन पाते।
‘तो मुख्यमंत्री नहीं होते सम्राट’
सुधाकर सिंह ने सीएम सम्राट चौधरी पर बयान देते हुए कहा कि, उन पर हत्या का आरोप था, अपहरण का आरोप था, रंगदारी वसूलने का आरोप था। राजद सांसद ने कहा कि, लालू यादव कुछ लोगों के लिए खलनायक तो हैं हीं…एनकाउंटर करा दिए होते तो मुख्यमंत्री का पद देखे होते?
‘कुंदन कृष्णन ने कराई हत्या’
भरत तिवारी के एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए राजद सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि, जब से बिहार में नई सरकार बनी है तब से एनकाउंटर हो रहे हैं। पुलिस एक सीमा तक पार कर गई… जिस युवक पर कोई आपराधिक मामला दर्ज न हो, एक थप्पड़ मारने का मामला दर्ज न हो, ऐसे लड़के की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पटना से कुंदन कृष्णन (डीजीपी) ने एसटीएफ भेजकर हत्या करा दी।
नकली जांच कमीशन बैठाने से नहीं बनेगी बात
वहीं, सरकार द्वारा न्यायिक जांच आयोग का गठन करने पर सुधाकर सिंह ने कहा कि, नकली जांच कमीशन बैठाने से बात नहीं बनने वाली है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर या किसके निर्देश पर गोली चलाई गई? क्योंकि मुख्यमंत्री तो लगातार कह रहे थे कि हम एनकाउंटर करेंगे। उन्होंने पटना हाईकोर्ट के नेतृत्व में एक समिति बनाकर मामले की जांच कराने की मांग की।
पटना से आए थे मारने वाले लोग- राजद सांसद
राजद सांसद ने कहा कि, जांच समिति जब मुख्यमंत्री ने बनाई वो तो मुख्यमंत्री के, डीजीपी के क्रियाकलाप की जांच ही नहीं कर पाएगी। एक-दो दारोगा, सिपाही को दंडित करेंगे। इससे ज्यादा तो कुछ नहीं होने वाला है। सरकार तो अभी से ही लीपापोती में लगी हुई है। सरकार जांच के नाम पर लोगों के आंख में धूल झोंकने का काम कर रही है।
अंत में सुधाकर सिंह ने कहा कि, मैं दावे के साथ कह रहा हूं कि वहां (भोजपुर) का लोकल दारोगा और पुलिस इस घटना में शामिल नहीं है। मारने वाले लोग पटना से गए थे।
ये भी पढ़ें- बड़ी खबर: खान सर की कोचिंग में लगी आग, धुएं का गुबार देख मची अफरा-तफरी

