अनुज कुमार पाण्डेय, गोपालगंज। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के निर्णयों, निष्पक्ष चुनाव प्रणाली पर कथित हमले और दोषपूर्ण एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख अंबेडकर चौक से विरोध मार्च निकाला, जो विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए स्टेट बैंक चौक पहुंचा, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर केंद्र सरकार और आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
लोकतंत्र को आघात पहुंचाने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए राजद जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव ही लोकतंत्र की असली बुनियाद हैं। लेकिन वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर लोकतंत्र की मूल भावना को आघात पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार और बंगाल सहित कई राज्यों में मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर मतदाताओं व राजनीतिक दलों में भारी आशंकाएं थीं, जिस पर आयोग के दो सदस्यों ने भी आपत्ति जताई थी। इसके बावजूद मुख्य चुनाव आयुक्त ने तमाम विरोधों को दरकिनार कर एक राजनीतिक दल विशेष को लाभ पहुंचाने का काम किया।
सभी चुनावों को रद्द कराने की मांग
पूर्व विधायक राजेश सिंह कुशवाहा ने आरोप लगाया कि भारत निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था का इस्तेमाल चुनावी निष्पक्षता को भंग करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कानूनी मामला दर्ज कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। वहीं, राजद के प्रधान महासचिव इम्तियाज अली भुट्टो ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में हुए सभी चुनावों को रद्द करने की मांग करते हुए कहा कि उनके पद पर रहते देश में निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं है। जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार बारी ने भी बिहार और बंगाल के हालिया विधानसभा चुनावों को रद्द करने की मांग उठाई और कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए इन सवालों का पारदर्शी समाधान बेहद जरूरी है।
व्यापक जन आंदोलन की चेतावनी
कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर चुनाव आयोग अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं लाता है, तो राजद कार्यकर्ता इसे लेकर व्यापक जन आंदोलन छेड़ेंगे। इस विरोध प्रदर्शन में मोहन प्रसाद गुप्ता, अब्दुल सत्तार मुन्ना, मोहित गुप्ता, पिंटू पांडेय, सुमन कुमार यादव, आनंद शंकर यादव, बिट्टू चौरसिया, गुफरान रशीद, एजाज खान, मुकेश यादव, अनिल यादव, सुरेश प्रसाद यादव, मो. सहीम, शाहिद हुसैन राजू, रंजीत यादव, मो. साहिल, रवि गुप्ता, रंगलाल राम, नीरज यादव, नितेश यादव, प्रदीप चौहान, कृष्णा यादव और मंजू चौहान सहित सैकड़ों राजद कार्यकर्ता उपस्थित थे।
गौरतलब है कि एसआईआर और दोनों चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की आपत्ति व असहमति की रिपोर्ट वाली खबर सामने आने के बाद से पूरा विपक्ष चुनाव आयोग पर हमलावर है। इस बीच आज प्रदेश भर में राजद और कांग्रेस द्वारा जगह-जगह विरोध प्रदर्शन और ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका जा रहा है।
मोतिहारी में भी फूंका ज्ञानेश कुमार का पुतला

सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले में भी राजद के नेताओ द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का विरोध जताते हुए उनका पुतला फूंका गया। शहर के गांधी चौक कर राजद के पूर्व विधायक मनोज यादव, डॉ. शमीम अहमद, राजेंद्र राम सहित अन्य नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पार्टी का झंडा लिए पहुंचे और ज्ञानेश कुमार का जमकर विरोध किया और नारे लगाए और फिर उनका पुतला दहन किया। इस मौके पर राजद के पूर्व विधायक मनोज यादव और डॉ. शमीम अहमद ने कहा कि ज्ञानेश कुमार देश द्रोही है उनको सजा मिलनी चाहिए।
ये भी पढ़ें- ‘सम्राट चौधरी को चूड़िंया पहन लेनी चाहिए’, जानें मुख्यमंत्री के लिए किसने कही ये बात?


