Bihar News: एसआईआर और दोनों चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की आपत्ति व असहमति की रिपोर्ट वाली खबर को लेकर पूरा विपक्ष चुनाव आयोग पर हमलावर है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बीजेपी के लिए काम करने का आरोप लगा रहा है। बिहार नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी लगातार इस मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग पर हमलावर हैं। इस बीच राजद ने कल शुक्रवार 25 सितंबर 2026 को दोपहर 2 बजे सभी जिला मुख्यालयों में मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन करने का निर्णय लिया है।
हर जिला मुख्यालयों पर पुतला दहन
राजद ने इस संबंध में सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, राजद सुप्रीमो लालू यादव के निर्देश एवं कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के परामर्शनुसार राष्ट्रीय जनता दल कल 25 सितंबर 2026 को संपूर्ण बिहार में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के अनैतिक व अवैध निर्णयों, सत्ता समर्थित नीतियों, निष्पक्ष चुनाव प्रणाली को समाप्त करने की साजिश, दोषपूर्ण और द्वेषपूर्ण 𝐒𝐈𝐑, चुनावी धांधली, वोट डकैती, संविधान व लोकतंत्र को खत्म करने के षड्यंत्र तथा बिहार बंगाल सहित अन्य राज्यों के विधानसभा चुनाव रद्द करने की मांग को लेकर दोपहर 2 बजे सभी जिला मुख्यालयों में मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया जाएगा। इस दौरान सभी से लोकतंत्र बचाने की इस लड़ाई में अपना योगदान देने की अपील की गई है।
बंगाल और बिहार में फिर से चुनाव कराने की मांग
गौरतलब है कि कल बुधवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एसआईआर और चुनाव आयोग में दोनों आयुक्तों की असहमति और आपत्ति वाली रिपोर्ट पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कई आरोप लगाए थे। तेजस्वी ने कहा था कि बीजेपी देश के संविधान और लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह देश को बर्बाद कर रहे हैं। CEC को बीजेपी का संरक्षण प्राप्त है और चुनाव आयोग मनमाने ढंग से बीजेपी के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि RJD शुरू से SIR का मुद्दा उठाता रहा है, लेकिन चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार चुप हैं।
तेजस्वी ने कहा, “ज्ञानेश जी प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नमूना हैं। ज्ञानेश जी से पहले मोदी-अमित शाह को जनता हटाएगी।” तेजस्वी ने चुनाव आयोग को “कठपुतली” बताते हुए कहा कि, “बिहार-बंगाल का चुनाव फर्जीवाड़ा है, यहां दोबारा चुनाव कराया जाए।”
ये भी पढ़ें- ‘लालू राज में अपराधियों से होता था समझौता’, जमुई-समस्तीपुर कांड पर मांझी का तेजस्वी को जवाब


