कुंदन कुमार, पटना। खान सर और ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद के बीच जारी कोचिंग विवाद को लेकर जो स्थिति बनी हुई है, उस पर राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने बड़ा बयान दिया है। मृत्युंजय तिवारी ने कहा है कि इन सब मामले को सरकार को गंभीरता से लेना चाहिए। बिहार की शिक्षा व्यवस्था बदनाम हो रही है। इसमें अगर किसी के साथ अन्याय हुआ है, तो इसकी जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि, माहौल बिगड़ रहा है। सरकार को यह सोचना चाहिए। निष्पक्ष रूप से अगर कार्रवाई की जाएगी तो निश्चित तौर पर ऐसे मामले को सुलझाया जा सकता है।

राबड़ी आवास विवाद पर कही ये बात

वहीं, एक अन्य सवाल के जवाब में मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि, सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश के मामले पर जो नोटिस दिया है, संज्ञान लिया है। निश्चित तौर पर उस पर जवाब सरकार को देना चाहिए। वहीं, राबड़ी आवास खाली करवाने के मामले को लेकर भी मृत्युंजय तिवारी ने बड़ा बयान दिया और कहा कि, सरकार किस मापदंड पर आवास का आवंटन कर रही है। यह सब कोई देख रहा है।

निशांत को 5 देश रत्न मार्ग आवास मिलने पर उठाया सवाल

उन्होंने कहा कि, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को आवास खाली करने के लिए कहा जा रहा है। वहीं, दूसरी तरफ पांच देश रत्न मार्ग स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को दे दिया गया है। आप समझिए सरकार क्या कर रही है? निश्चित तौर पर कहीं ना कहीं राष्ट्रीय जनता दल के बड़े नेताओं को अपमानित करने का काम सरकार कर रही है, जो कि कहीं से भी उचित नहीं है।

राजद प्रवक्ता ने कहा कि, बिहार की जनता देख रही है कि आवास को लेकर किस तरह की राजनीति सम्राट सरकार कर रही है। इसीलिए हम लोग सरकार से यही पूछते हैं कि आखिर किस मापदंड पर आवास का आवंटन हुआ है? वह सब बातें जनता के बीच जानी चाहिए।

ये भी पढ़ें- शराब माफियाओं पर ‘सम्राट’ प्रहार, 127 तस्करों की संपत्ति होगी जब्त, 57 हजार से अधिक गिरफ्तार