कुंदन कुमार, पटना। पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र कुमार ने आज सोमवार 11 मई को कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया है। पदभार ग्रहण करने से पहले मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र कुमार ने कार्यालय में विधिवत पूजा-पाठ किया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि, जो दायित्व हमें पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिया है, उसका अच्छे तरीके से निर्वहन करने का काम करूंगा।

सरकार के विजन पर करेंगे काम- मंत्री

इस दौरान इंजीनियर शैलेंद्र कुमार ने कहा कि, हम मानते है कि पूजा-पाठ से इच्छा शक्ति बढ़ती है। काम करने को लेकर उत्सुकता बढ़ता है। इसीलिए पूजा पाठ कर ही पदभार ग्रहण किया है। मंत्री ने कहा कि, आगे विभागीय समीक्षा करेंगे फिर जो हमारे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का विजन है, उसपर कार्य करेंगे।

साफ और स्वच्छ नेताओं में गिनती

बता दें कि साल 2005 से इंजीनिय शैलेंद्र कुमार भागलपुर के बिहपुर विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ते आ रहे हैं। साल 2010, 2020 और 2025 में उन्होंने जीत हासिल की। वहीं, 2005 और 2015 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। यह पहला मौका है, जब इंजीनियर शैलेंद्र कुमार को मंत्री बनाया गया है। स्वच्छ और साफ छवि के नेता में इंजीनियर शैलेंद्र की पहचान होती है। इसके साथ ही वह लगातार अपने क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के बीच बने रहते हैं।

मोतिहारी कॉलेज से ली इंजीनियरिंग की डिग्री

इंजीनियर शैलेंद्र मुख्य रूप से भागलपुर जिले के खरीक प्रखंड के तेलघी गांव के रहने वाले हैं। उनकी गिनती पढ़े लिखे नेताओं के रूप में की जाती है। इंजीनियर शैलेंद्र ने 1985 में मारवाड़ी कॉलेज भागलपुर से स्नातक की थी। इसके साथ ही उन्होंने मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से इंजीनियरिंग की डिग्री ली थी। शैलेंद्र ने भागलपुर में निजी क्षेत्र में सिविल इंजीनियर पद पर नौकरी भी की है और भोला कंस्ट्रक्शन के नाम पर वह अपना स्वयं उद्यमी भी रह चुके हैं, जो अभी उनकी मां के नाम पर स्थापित है।

लेशी सिंह ने भी किया पदभार ग्रहण

भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने भी आज कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। भवन निर्माण विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बाद लेशी सिंह ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार का आभार जताया और कहा कि पहले भी ईमानदारी से कई विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुकी हूं। अब सीएम सम्राट चौधरी ने भवन निर्माण विभाग की जिम्मेदारी दी है। मैं ईमानदारी से निभाने का काम करूंगी।

ये भी पढ़ें- कब तक गुमराह करेंगे साहब? PM मोदी के सोना नहीं खरीदने वाले बयान पर हमलावर हुए तेजस्वी और रोहिणी