प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ महापर्व-2028 को लेकर शहर में सड़क चौड़ीकरण और अधोसंरचना विकास का काम लगातार जारी है । इसी के तहत मंगलवार को प्रशासन और नगर निगम की टीम ने सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे धार्मिक स्थलों, मकानों और दुकानों के अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की ।
READ MORE: 9 करोड़ का स्मार्ट ‘NMT ट्रैक’ हुआ बदहाल: 2 करोड़ की कीमती लाइटें चोरी, पार्किंग और दुकानों में तब्दील
कार्रवाई के दौरान उज्जैन के बोहरा समाज की मस्जिद के केडी गेट क्षेत्र में अतिक्रमण वाला हिस्सा हटाने पहुंची । नगर निगम की टीम का समाज के लोगों ने विरोध किया । समाज के लोगों ने कार्रवाई के लिए कुछ समय देने की मांग की । इसके बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों ने समाज के लोगों से बातचीत की और स्थिति को शांत कराया ।
इसी दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद रही । कुछ देर के लिए माहौल गर्म जरूर हुआ, लेकिन बातचीत के बाद स्थिति सामान्य हो गई और प्रशासन ने कार्रवाई को आगे जारी रखा । बोहरा समाज के धार्मिक स्थल के बाद केडी गेट स्थित मदीना मस्जिद के सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे हिस्से को हटाने की कार्रवाई भी की गई । इस दौरान मुस्लिम समाज के लोग स्वयं मस्जिद के हिस्से को हटाते हुए नजर आए ।
READ MORE: बुरहानपुर UCC का विरोध: AIMIM प्रदेशाध्यक्ष बोले- संविधान में दी गई मजहबी आजादी को बरकरार रखने में साथ दे सरकार, वापस लें कानून
सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए तीन थानों का पुलिस बल, दो सीएसपी और नगर निगम की टीम मौके पर तैनात रही । नगर निगम के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर और जीवाजीगंज थाना प्रभारी प्रतीक शर्मा ने मौके पर व्यवस्था संभाली ।
प्रशासन की टीम ने सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे धार्मिक स्थलों, दुकानों और मकानों के चिन्हित हिस्सों को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रखी । अधिकारियों का कहना है कि सिंहस्थ महापर्व को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था और सड़क अधोसंरचना को बेहतर बनाने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है ।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



