Bihar News: हालही में ब्लूमबर्ग इकोनॉमिक्स की एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया था कि विदेशी मुद्रा भंडार को बचाने के लिए RBI ने 12 अरब डॉलर मूल्य का सोना बेच दिया है। इस रिपोर्ट के आधार पर विपक्षी पार्टियां लगातार केंद्र की मोदी सरकार पर हमलावर हैं। इस बीच लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी इस मुद्दे को लेकर पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा है।

‘सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था की चौपट’

रोहिणी आचार्य ने एआई से जनरेटेड पीएम मोदी की एक इमेज शेयर करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, देश का सोना बिक गया। इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री को खुले मंच पर आ कर सवालों का सामना करना चाहिए।

रोहिणी आचार्य ने कहा कि, देश का सोना बेचे जाने के संदर्भ में ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट गंभीर चिंता का विषय है। देश की अर्थव्यवस्था को संभालने के लिए सोने जैसे रणनीतिक राष्ट्रीय भंडार के बेचे जाने से ये स्पष्ट होता है कि मोदी सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से चौपट कर दी है। उन्होंने कहा कि, मोदी सरकार लगातार आर्थिक मजबूती और विदेशी मुद्रा भंडार की मजबूती के झूठे दावे करती रही है, लेकिन डॉलर के मुकाबले रुपये के निरंतर कमजोर होने और स्वर्ण भंडार बेचने की नौबत आने की रिपोर्ट से मोदी सरकार के आर्थिक प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े होने लाजिमी हैं।

‘जनता को वास्तविक स्थिति जानने का हक’

रोहिणी ने कहा कि, देश का सोना केवल एक धातु नहीं, बल्कि आर्थिक सुरक्षा और राष्ट्रीय विश्वास का प्रतीक होता है। देश की जनता को यह जानने का अधिकार है कि आर्थिक नीतियों-अर्थव्यवस्था की वास्तविक स्थिति क्या है और देश की संपत्तियों के प्रबंधन में कितनी पारदर्शिता बरती जा रही है।

रोहिणी आचार्य ने कहा कि, हर रविवार बिना मतलब के अप्रासंगिक मुद्दों पर उबाऊ ‘मन की बात’ करने वाले, सीधे सवालों से भागने वाले प्रधानमंत्री को सोना बेचे जाने के मुद्दे पर देश की जनता को जवाब देने का साहस जुटाना चाहिए। बेहतर होता कि प्रधानमंत्री खुले मंच पर देश के तटस्थ अर्थशास्त्रियों और विपक्ष के सवालों का सामना करते।

‘देश की संपदा बेचना मोदी सरकार की पहचान ‘

रोहिणी ने अंत में कहा कि, वैसे भी मोदी सरकार देश की संपदा, देश के संसाधनों को बेचने और उन पर उठे सवालों के जवाब में कोरी झूठ बोलने-बताने के लिए ही जानी जाती है। उन्होंने कहा कि, मोदी सरकार के 12 सालों के कार्यकाल में बेचे गए सरकारी उद्यमों-उपक्रमों-संस्थानों के साथ-साथ प्राकृतिक व् संरचनागत संसाधनों की सूची अंतहीन है।

RBI ने मीडिया रिपोर्ट्स के दावों को किया खारिज

हालांकि इस मुद्दे पर जहां एक तरफ विपक्ष केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर है। वहीं, भारतीय रिजर्व बैंक ने ब्लूमबर्ग इकोनॉमिक्स की उस रिपोर्ट को पूरी तरह से खारिज किया है, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि RBI ने विदेशी मुद्रा भंडार को बचाने के लिए 12 अरब डॉलर मूल्य का सोना बेच दिया है। RBI ने कल बुधवार को अपने एक बयान में कहा कि, उसके पास मौजूद भौतिक सोने का भंडार पहले की तरह 880.52 टन ही है और इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है।

ये भी पढ़ें- रौशन आनंद को फंसाने के लिए खान सर ने कराई थी फायरिंग! गोलीबारी करते गॉर्ड का VIDEO वायरल