Bihar News: विदेश मंत्रालय ने कल बुधवार (24 जून) को 14वें पासपोर्ट सेवा दिवस के अवसर यह स्पष्ट किया कि भारतीय पासपोर्ट नागरिकता का प्रमाण पत्र नहीं, बल्कि मुख्य रूप से एक यात्रा दस्तावेज है। मंत्रालय ने अपने स्पष्टीकरण में कहा कि पासपोर्ट केवल अंतरराष्ट्रीय यात्रा की सुविधा के लिए जारी किया जाता है। हालांकि यह सिर्फ भारतीय नागरिकों को ही दिया जाता है, लेकिन इसे नागरिकता स्थापित करने वाला दस्तावेज नहीं माना जाएगा।
विदेश मंत्रालय के इस स्पष्टीकरण पर विपक्षी पार्टियां लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर हैं। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी इसे लेकर पीएम मोदी और भाजपा पर हमला बोला है। रोहिणी ने तंज कसते हुए कहा कि, क्या भाजपा की सदस्यता का कार्ड ही नागरिकता साबित-प्रमाणित करने का वैध कार्ड है?
रोहिणी आचार्य ने कहा कि, पासपोर्ट, आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस कार्ड जब इनमें से कोई नागरिकता का प्रमाणित एवं वैध कार्ड नहीं है, तो मोदी सरकार को ये बताना चाहिए कि कौन सा कार्ड, कौन सा दस्तावेज नागरिकता का प्रमाणित व् वैध कार्ड है? ऐसे में हम भारतीय वर्तमान में जितने कार्डों को बनवाने-रखने को बाध्य हैं, तो उनका औचित्य क्या है? और इन कार्डों के बनवाने के फॉर्म्स में नागरिकता स्पष्ट करने का कॉलम क्यूं रहता है?
रोहिणी आचार्य ने अंत में कहा कि, कहीं ऐसा तो नहीं कि मोदी सरकार अप्रत्यक्ष तौर पर ये कहना चाहती है कि बाकी सारे कार्ड वैध नहीं, सिर्फ भाजपा की सदस्यता का कार्ड ही नागरिकता साबित-प्रमाणित करने का वैध कार्ड है?
ये भी पढ़ें- आपातकाल की 51वीं बरसी पर नितिन नबीन ने खोली कांग्रेस की ‘Emergency Files’, बिना शर्त माफी की मांग

