Bihar Politics: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बाद प्रदेश में एलपीजी संकट को देखते हुए इससे उबरने के लिए बिहार सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आच्छादित लाभुकों को जन वितरण प्रणाली दुकानों के माध्यम से कुकिंग कोयला उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इस संबंध में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने सभी खान एवं भूतत्व विभाग व परिवहन विभाग के सचिव के साथ सभी जिला अधिकारियों को पत्र जारी किया गया है। सरकार के इस फैसले पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने तीखा तंज कसा है।
रिवर्स गियर वाला विकास- रोहिणी
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट करते हुए लिखा- देखिए रिवर्स गियर वाला विकास। उन्होंने कहा कि, गाल बजाऊ फेल डबल इंजन की सरकार ने पकड़ी उलटी रफ्तार। गैस सिलेंडर की जगह जनता को मिलने जा रहा कोयले का उपहार।
पीएम मोदी पर भी साधा निशाना
रोहिणी आचार्य ने आगे लिखा- अजीब हास्यास्पद स्थिति है, जहां एक तरफ प्रधानमंत्री के साथ- साथ केंद्र सरकार के तमाम मंत्रीगण, एनडीए-बीजेपी शासित प्रदेशों के सभी मुख्यमंत्री और मंत्रीगण, एनडीए के तमाम सांसद और विधायकगण ये कहकर दावा कर रहे हैं कि देश के किसी भी हिस्से में रसोई गैस की कोई किल्लत व दिक्कत नहीं है। देश के कोने-कोने में पर्याप्त मात्रा में गैस की उपलब्धता है और सप्लाई व् वितरण व्यवस्था सुचारु व व्यवस्थित तरीके से संचालित हो रही है।
ऐसा कहने, दावा करने वालों में बिहार के वर्त्तमान मुख्यमंत्री भी शामिल हैं। वहीं दूसरी तरफ अपने कहे एवं दावों के उलट बिहार में जनता के लिए उस कोयले को उपलब्ध करा कर लोगों को इस्तेमाल करने के लिए कह रही सरकार, जो आम जनता की रसोई और उनके घरों से वर्षों पहले विलुप्त हो चुका था।
ये कौन सा विकास का मॉडल?
रोहिणी आचार्य ने सवाल उठाते हुए पूछा कि, ये विकास का कौन सा मॉडल है? जिसमें आगे बढ़ने की बजाए जनता को ऐसी चीज का इस्तेमाल करने के लिए विवश किया व कहा जा रहा है, जो वर्षों पहले, बीते दौर की चीज है और जिसका घरों की रसोई में व्यावहारिक इस्तेमाल करना लोग भूल चुके हैं।
उन्होंने कहा कि, ये जरूर उस गुजरात मॉडल से प्रेरित झूठा ढोल पिटवा गवर्नेंस का वो मॉडल है, जो अक्सर अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने के लिए गुजरे जमाने के पर्दे की आड़ में छिप जाता है, जो कभी नेहरू जी की बात करता है, कभी इंदिरा जी की बात करता है , कभी लालू जी की बात करता है और खुद की खोट को इन लोगों के दौर के बारे में झूठी बातें बता कर छिपाने की कवायद में दिन-रात जुटा रहता है।
ये भी पढ़ें- बिहार में जंगलराज! तेजस्वी यादव ने VIDEO शेयर कर CM सम्राट चौधरी पर साधा निशाना

