Bihar Politics: बिहार में इन दिनों आपराधिक घटनाएं चरम पर हैं। इस बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर एक छिनतई की घटना का वीडियो शेयर करते हुए सम्राट सरकार पर जमकर निशाना साधा है। तेजस्वी ने यह दावा किया कि बिहार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और यहां पर जंगलराज है।

बिहार में जंगलराज- तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने घटना का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि, बिहार में जंगलराज! बिहार में महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं। सीतामढ़ी के सीताराम चौक पर दिनदहाड़े दो बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट एनडीए के बड़बोले नेताओं के साथ विधि व्यवस्था के दावों को लेकर फरार हो गए। गौरतलब है कि इससे पहले तेजस्वी ने पटना में ज्वेलर्स दुकान से 20 लाख के गहने के लूट की घटना का जिक्र करते हुए जमकर हमला बोला था।

सीएम सम्राट पर लगातार हमलावर हैं तेजस्वी

बता दें कि सम्राट चौधरी के सीएम बनने के बाद से तेजस्वी यादव लगातार बिहार सरकार पर हमलावर हैं और सवाल उठा रहे हैं। इससे पहले उन्होंने वैशाली में हुए गोलीबारी और बमबाजी की घटना का जिक्र करते हुए सम्राट सरकार पर निशाना साधा था। तेजस्वी ने घटना का वीडियो शेयर करते हुए लिखा था कि, ये कोई फिल्मी सीन नहीं है बल्कि बिहार के वैशाली जिले के महानार थाना क्षेत्र में हुई एक घटना है जहां लगभग 30 की संख्या में अपराधी गोलीबारी और बमबाजी करते हुए गांव में घुसकर लोगों के साथ मारपीट करते हुए स्वर्ण व्यवसायी के घर में लूटपाट की घटना को अंजाम देते हैं। आभूषण और लाखों रूपये लूटकर चले जाते हैं।

सम्राट बन चुके हैं अपराधी- तेजस्वी

उन्होंने बताया कि, वारदात के दौरान पुलिस को सूचना दी जाती है, लेकिन पुलिस घटना के एक घंटे बाद वहां पहुंचती है। तब तक अपराधी निकल चुके होते हैं। क्षेत्र के लोगों में दहशत है। हत्या, लूट और अपराध की ऐसी घटनाएं बिहार के हिस्से में हर रोज आ रही है। कभी दुकान में घुसकर कनपट्टी पर कट्टा सटा दिया जाता है, कभी सरेआम किसी की गर्दन काटकर हत्या कर दी जाती है। 21 वर्षों से अपराधियों को सत्ता का इतना संरक्षण मिला कि आज बिहार में अपराधी ‘सम्राट’ बन चुके हैं। अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ा हुआ है कि बिहारवासियों को बिहार में डर लगता है।

ये भी पढ़ें- ‘नीतीश के आशीर्वाद से चल रही सम्राट सरकार’, विश्वास मत हासिल करने से पहले डिप्टी CM का बड़ा बयान