Lalu Yadav: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव आज शुक्रवार (29 मई) सिंगापुर के लिए रवाना हो रहे हैं। किडनी ट्रांसप्लांट के बाद नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए डॉक्टरों ने उन्हें फॉलोअप चेकअप कराने की सलाह दी थी। विदेश यात्रा को लेकर दिल्ली की विशेष अदालत से अनुमति मिलने और पासपोर्ट रिलीज होने के बाद उनके सिंगापुर दौरे का रास्ता साफ हो गया।

लालू यादव के सिंगापुर दौरे को लेकर तरह-तरह के बयान और खबरें भी सामने आ रही हैं। मीडिया में यह भी खबरें चलाई जा रही हैं कि लालू यादव सिंगापुर अपनी नाराज बेटी रोहिणी आचार्य को एमएलसी चुनाव लड़ाने और उन्हें मनाने के लिए जा रहे हैं। इन खबरों पर रोहिणी आचार्य की भी प्रतिक्रिया सामने आई है।

बुरी नियत वालों का मुंह होगा काला- रोहिणी

रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर कुछ खबरों की स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा- बुरी नियत वालों का मुंह फिर से काला होगा। रोहिणी ने अपनी पोस्ट में लिखा- घुसपैठियों, साजिश रचने और विरोधियों के साथ मिलीभगत रखने वालों का गिरोह अपने चंद मीडिया मित्रों की मदद से मेरे आगामी विधान – परिषद् चुनाव में प्रत्याशी बनने की अफवाह फैला रहा है।

रोहिणी ने कहा कि, गंदी नियत वाले इन लोगों ने पहले भी मेरी छवि को नुकसान पहुंचाने के मकसद से ऐसी कोशिश की थी और तब इनके झूठ का पर्दाफाश भी हुआ था। इस बार भी होगा। ये वही लोग हैं, जिन लोगों ने कुछ महीने पहले मेरे नाबालिग बेटे और मेरी सासु मां के विधानसभा चुनाव लड़ने की बात की अफवाह जम कर फैलाई थी।

गलत का होता रहेगा विरोध- रोहिणी

रोहिणी आचार्य ने आगे लिखा कि, मेरे बारे में झूठ फैलाने और गढ़ने वालों को मैं ये बता देना चाहती हूं कि इन लोगों के किसी भी प्रपंच, झूठ का मुझ पर और मेरी छवि पर कोई असर नहीं होने वाला है। क्यूंकि मेरे बारे में दुनिया ये जानती है कि मैं किसी भी प्रकार के लालच व् लोभ से परे हट कर सीधी बात करने और कहने वालों में से हूं और मेरा विरोध हमेशा गलत के खिलाफ रहा है और आगे भी रहेगा।

इराज के जन्मदिन पर एकजुट हुआ था परिवार

गौरतलब है कि हालही में गाजियाबाद स्थित ‘रागिनी विला’ में तेजस्वी यादव के बेटे इराज लालू यादव का पहला जन्मदिन बड़े ही धूम-धाम के साथ मनाया गया था। इस समारोह में लालू यादव का पूरा परिवार, राजद के कई नेता, यहां तक की पार्टी और परिवार से अलग तेज प्रताप यादव भी पहुंचे हुए थे। लेकिन इस समारोह में रोहिणी आचार्य नहीं पहुंची थीं और ना ही भतीजे के जन्मदिन पर उन्होंने कोई पोस्ट किया था। वहीं, अब जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद लालू यादव आज सिंगापुर के लिए रवाना होने जा रहे हैं, जिसे लेकर यह कयास लगाया जा रहा है कि वह नाराज रोहिणी को मनाने और परिवार को एकजुट करने के लिए सिंगापुर जा रहे हैं।

मारपीट और गाली-गलौज का लगाया था आरोप

गौरतलब है कि विधानसभा में राजद को मिली बुरी हार के बाद राबड़ी आवास में काफी हंगामा हुआ था, उस समय रोहिणी आचार्य आधी रात को रोते हुए राबड़ी आवास से बाहर निकली और दिल्ली के लिए रवाना हो गई। फिर दिल्ली से वह अपने ससुराल सिंगापुर चली गईं। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने राबड़ी आवास में अपने साथ मारपीट और गाली-गलौज होने का गंभीर आरोप लगाया था। रोहिणी ने यहां तक कहा था कि उन्हें मारने के लिए चप्पल तक तानी गई। हालांकि उन्होंने इस दौरान किसी का नाम नहीं लिया था।

ये भी पढ़ें- बिहार MLC चुनाव को लेकर भगवान सिंह कुशवाहा का बड़ा बयान, 10 सीटों के लिए 18 जून को होगी वोटिंग