Bihar News: नीट पेपर लीक और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में कल मंगलवार को पीएम आवास के बाहर धरने पर बैठे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया जाना इस समय देश का सियासी मुद्दा बन चुका है। राहुल गांधी को जिस तरह से घसीटते हुए हिरासत में लिया गया, लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने इसपर विरोध जताया है।
दिल्ली पुलिस ने पार की बर्बरता और बेशर्मी की हदें- रोहिणी
बता दें कि हिरासत में लिए जाने के दौरान राहुल गांधी के पैर का एक जूता कहीं पर छूट गया और उनके नांक से खून भी बहता हुआ दिखा। रोहिणी आचार्य ने राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने का एक वीडियो शेयर करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ दिल्ली पुलिस द्वारा की गई बदसलूकी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। मोदी सरकार के निर्देश पर दिल्ली पुलिस बर्बरता और बेशर्मी की सारी हदें पार कर रही है l
खतरे में देश का लोकतंत्र- रोहिणी
रोहिणी आचार्य ने कहा कि, प्रधानमंत्री आवास के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विपक्ष के सांसदों व् नेताओं के साथ जैसा बर्ताव दिल्ली पुलिस ने किया है, वो शर्मनाक और देश में खतरे में पड़े लोकतंत्र को दर्शाता हैl उन्होंने कहा कि, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ दिल्ली पुलिस के जवानों के द्वारा की गयी बदसलूकी इस वीडियो में देखी जा सकती है। नेता प्रतिपक्ष जमीन पर गिरे हैं और दिल्ली पुलिस के जवान उनका गिरेबान पकड़ने की कोशिश कर रहे हैंl
असहमति का होना चाहिए सम्मान- रोहिणी
रोहिणी ने कहा कि, लोकतांत्रिक व्यवस्था में असहमति का सम्मान होना चाहिए, न कि अपमानजनक व्यवहार l किसी भी प्रकार की कोई भी कार्रवाई गरिमा, संयम और संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप होनी चाहिए l लोकतंत्र की मजबूती पक्ष और विपक्ष, दोनों के सम्मान से ही सुनिश्चित होती है।
राहुल-अखिलेश समेत कई नेता हिरासत में….
गौरतलब है कि कल मंगलवार को नीट पेपर लीक और दिल्ली में हुए छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पीएम आवास के बाहर प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गए। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई नेताओं को हिरासत में लेते हुए उन्हें छत्रसाल स्टेडियम स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा। हालांकि कुछ देर बाद सभी नेताओं को छोड़ दिया गया।
ये भी पढ़ें- ‘बहस की बात कर पीछे हट गए राहुल’, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन का बड़ा आरोप


