रोहतक। हरियाणा के रोहतक स्थित कबीर कॉलोनी में आपसी रंजिश के चलते दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। झगड़े के दौरान दोनों पक्षों की ओर से पथराव हुआ और फिर चाकू चले। इस हमले में 27 वर्षीय एक युवक की कमर में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। वहीं, घायल को इलाज के लिए रोहतक पीजीआई के ट्रोमा सेंटर में भर्ती करवाया गया है।
दिन और रात के विवाद में चलीं छुरियां
घायल युवक की पहचान कबीर कॉलोनी निवासी 27 वर्षीय कालू पुत्र मामताज के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कालू का दोपहर के समय कॉलोनी के ही कुछ लोगों के साथ झगड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि दोनों गुटों के बीच रात के समय भी पथराव हुआ था। इसके बाद दोपहर में हुए दोबारा झगड़े के दौरान कालू पर चाकुओं से हमला कर दिया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
सिटी थाना पुलिस की जांच शुरू
वारदात के बाद कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना के तुरंत बाद सिटी थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं और वारदात के कारणों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान और धरपकड़ के प्रयास में जुटी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

