रोहतक। हरियाणा के रोहतक जिले के सांपला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव अटायल में एक पुलिसकर्मी ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 46 वर्षीय राकेश के रूप में हुई है, जो आईएमटी थाने के तहत ईआरवी (ERV – डायल 112) गाड़ी पर तैनात था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

दोपहर में ऊपरी मंजिल पर गया था पुलिसकर्मी

पुलिस के अनुसार, राकेश का मकान दो मंजिला है। मंगलवार दोपहर के वक्त राकेश मकान की ऊपरी मंजिल पर गया था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य नीचे ही मौजूद थे। शाम करीब साढ़े चार बजे जब उसका बेटा छत पर गया, तो उसने राकेश को चौबारे में फंदे पर लटका हुआ पाया। बेटे ने तुरंत शोर मचाकर परिवार के अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

कुर्सी पर चढ़कर लगाया फंदा

सांपला थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस जांच में सामने आया है कि राकेश ने कुर्सी पर चढ़कर छत में बंधी रस्सी से फंदा लगाया था और घटनास्थल पर नीचे कुर्सी भी पड़ी हुई थी। परिवार ने पुलिस को बताया कि यह आत्महत्या का मामला है। पुलिस ने परिजनों से आवश्यक पूछताछ कर मामले की विस्तृत जानकारी जुटाई है।

2017 में पुलिस में भर्ती हुआ था राकेश

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, SPO राकेश साल 2017 में पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था। इसके बाद उसकी ड्यूटी अलग-अलग थानों में रही और वर्ष 2023 से वह आईएमटी थाने में एसपीओ के पद पर तैनात था। वर्तमान में उसकी ड्यूटी डायल 112 (ERV) पर थी। परिवार में उसके दो बच्चे (एक लड़का और एक लड़की), पत्नी और मां हैं। उसके पिता का पहले ही देहांत हो चुका है, जबकि उसके दो बहन और एक बड़ा भाई हैं। इस अचानक हुई घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m