अविनाश श्रीवास्तव, सासाराम। जख्खी बिगहा में पति से हुए विवाद के बाद एक नवविवाहिता ने सोन नहर में छलांग लगा दी। पत्नी को डूबता देख उसे बचाने के लिए पीछे-पीछे पति भी तेज बहाव वाले पानी में कूद पड़ा। हालांकि, वह अपनी पत्नी को बचा नहीं सका। पानी की प्रचंड धार में पत्नी बह गई, जबकि किनारे मौजूद स्थानीय लोगों ने मशक्कत के बाद पति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्रेम विवाह के छह महीने बाद ही शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डेहरी के मणिनगर मोहल्ले के रहने वाले करण कुमार और लक्ष्मी कुमारी ने लगभग छह महीने पहले ही प्रेम विवाह किया था। लेकिन शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के रिश्तों में खटास आ गई और आए दिन घरेलू झगड़े होने लगे। लगातार हो रही अनबन से तंग आकर लक्ष्मी पिछले कुछ दिनों से जख्खी बिगहा स्थित अपने मायके में रह रही थी।


मारपीट से नाराज होकर नहर की तरफ भागी लक्ष्मी
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को करण अपनी पत्नी लक्ष्मी को समझा-बुझाकर मायके से वापस मणिनगर स्थित अपने घर लाया था। लेकिन शनिवार को किसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर से बहस हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इससे अत्यधिक आहत और नाराज होकर लक्ष्मी अचानक घर से भागते हुए पास ही स्थित सोन नहर की ओर गई और सीधे छलांग लगा दी। करण भी उसे रोकते हुए पीछे दौड़ा और बिना सोचे-समझे पानी में कूद गया, लेकिन तेज धारा के आगे बेबस हो गया।
मौके पर परिजनों का हंगामा और चीख-पुकार
घटना की सूचना मिलते ही लक्ष्मी के मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। बेटी के गायब होने से गुस्साए परिजनों ने पति करण कुमार पर ही प्रताड़ना और घटना का सीधा दोषी होने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। दूसरी ओर, पत्नी को न बचा पाने के अफसोस में करण का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बदहवास हालत में नहर किनारे बैठा हुआ है और उसका पूरा परिवार हताश है।
पुलिस और गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही डेहरी थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और आपदा राहत टीम की मदद से नहर में लक्ष्मी की गहन तलाश शुरू कर दी गई है। पानी का बहाव तेज होने के कारण खबर लिखे जाने तक नवविवाहिता का कोई सुराग नहीं मिल सका था। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा है और पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

