अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिला पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने रंगदारी मांगने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच रंगदारों को हिमाचल प्रदेश के मनाली से गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल बीते बुधवार को शिवसागर थाना क्षेत्र में रंगदारी के चक्कर में एक व्यक्ति को मारपीट कर घायल कर दिया गया था, जिसकी शिकायत पर पुलिस ने 7 लोगों पर केस दर्ज किया था। तकनीकी साक्ष्य के आधार पर रोहतास पुलिस ने जब जांच शुरू की तो पता चला कि अपराध करने के बाद सभी अपराधी अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से हिमाचल प्रदेश के मनाली चले गए थे और मनाली में ही छुप कर रह रहे थे।

हिमाचल पुलिस के सहयोग से किया गिरफ्तार

रोहतास पुलिस ने हिमाचल पुलिस की सहयोग से 5 अपराधियों को होटल से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अपराधियों में रमांशु कुमार शातिर हैं, जिस पर पहले से कई मामले दर्ज हैं। साथ ही शिवसागर के कुम्हऊं का रहने वाला कुमार शुभंकर उर्फ राजा सिंह पर भी शिवसागर थाना में केस दर्ज है।

पूछताछ में जुटी पुलिस

बता दे की सासाराम के रहने वाले एक व्यक्ति दीपक कुमार अपनी जमीन में मिटटी भराई का काम कर रहे थे। इसी दौरान इन अपराधियों ने मौके पर पहुंचकर मारपीट की थी, जिस मामले में शिवसागर थाना में कांड दर्ज किया गया था। इस संबंध में सासाराम के एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार ने बताया कि यह सभी अपराधी शातिर हैं। इसे लगातार पूछताछ की जा रही है।

ये भी पढ़ें- NH-19 लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, चेन स्नेचिंग गैंग का मुख्य सरगना लड्डू यादव गिरफ्तार