अविनाश श्रीवास्तव/ सासाराम। रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन रेलवे स्टेशन से आरपीएफ (RPF) ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मध्य प्रदेश के सिंगरौली में हुई करोड़ों की बैंक डकैती में शामिल एक शातिर अपराधी को भारी मात्रा में कैश और सोने के साथ दबोच लिया है।

​सिंगरौली से पटना की ओर भाग रहा था लुटेरा

​पकड़े गए अपराधी की पहचान नालंदा जिले के हिलसा थाना अंतर्गत ग्वाल बिगहा निवासी कमलेश कुमार के रूप में हुई है। रेलवे के एएसपी आलोक कुमार सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कल मध्य प्रदेश के सिंगरौली स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में पांच हथियारबंद लुटेरों ने धावा बोला था। इस दौरान अपराधियों ने बैंक से करीब 10 से 15 करोड़ रुपये मूल्य का सोना और 20 लाख रुपये से अधिक का कैश लूटा था।

​संदेह के आधार पर RPF ने की कार्रवाई

​लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद कमलेश कुमार अपने हिस्से की राशि लेकर सिंगरौली-पटना एक्सप्रेस से बिहार लौट रहा था। ट्रेन में गश्त कर रहे आरपीएफ जवानों को कमलेश की संदिग्ध गतिविधियों पर शक हुआ। जवानों ने तत्काल अपने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी। जैसे ही ट्रेन डेहरी रेलवे स्टेशन पर रुकी, पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।

​बरामदगी और पूछताछ में बड़ा खुलासा

​तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 15 लाख 72 हजार रुपये नगद और 61 ग्राम सोना बरामद किया गया, जिसकी बाजार में कीमत 9 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस की कड़ी पूछताछ में कमलेश ने स्वीकार किया कि वह बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूट कांड में शामिल था और हिस्सा बांटने के बाद अपने घर भाग रहा था। फिलहाल, पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।