रायपुर। रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एक्सीलेंस की ओर से ‘अपना घर’ सेवा आश्रम में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्लब के सदस्यों ने प्रभुजनों के साथ समय बिताया, उनसे संवाद किया और भोजन कराया। कार्यक्रम में शामिल सदस्यों ने सेवा के साथ आत्मीयता और अपनत्व का अनुभव साझा किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद और आश्रम में रहने वाले प्रभुजनों के साथ समय बिताकर उनके जीवन में खुशी के कुछ पल जोड़ना था। क्लब के सदस्यों ने उनके साथ बातचीत की और उनके जीवन के अनुभवों को जानने का प्रयास किया।

समय और स्नेह का महत्व बताया
कार्यक्रम के दौरान क्लब के सदस्यों ने कहा कि जरूरतमंदों की मदद में आर्थिक सहयोग महत्वपूर्ण है, लेकिन अपना समय, स्नेह और अपनापन देना भी सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सेवा के इसी भाव को रोटरी की मूल भावना से जोड़कर देखा गया।
रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एक्सीलेंस के सदस्यों ने अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान सभी ने मिलकर सेवा कार्य को पूरा किया और प्रभुजनों के साथ आत्मीय माहौल में समय बिताया।
इंस्टॉलेशन से पहले लिया था सेवा का संकल्प
रोटरी क्लब ऑफ रायपुर रॉयल के अध्यक्ष रोटेरियन सुनील अग्रवाल ने बताया कि इंस्टॉलेशन से पहले यह संकल्प लिया गया था कि सबसे पहले प्रभुजनों का आशीर्वाद लिया जाएगा। ‘अपना घर’ सेवा आश्रम में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से क्लब ने इस संकल्प को पूरा किया। प्रभुजनों का स्नेह और आशीर्वाद लेने के बाद अब क्लब के सदस्य अपने इंस्टॉलेशन की तैयारियों में जुट गए हैं।

क्लब पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि ईश्वर की कृपा और प्रभुजनों के आशीर्वाद से रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एक्सीलेंस आगे भी सेवा कार्यों को जारी रखेगा और समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाएगा।
मुख्य अतिथि और कार्यक्रम समन्वयकों का सम्मान

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रोटेरियन सोम अग्रवाल मौजूद रहे। क्लब की ओर से उनके समय देने और कार्यक्रम में शामिल होकर सदस्यों का उत्साह बढ़ाने के लिए आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कार्यक्रम चेयरमैन रोटेरियन मनीष अग्रवाल और रोटेरियन आलोक अग्रवाल का भी विशेष आभार जताया गया। क्लब के अनुसार, दोनों के बेहतर समन्वय, योजना और प्रयासों के कारण सेवा कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हुआ।
रोटेरियन सुनील अग्रवाल ने सभी सदस्यों का धन्यवाद करते हुए कहा कि समाज सेवा के इस सफर को आगे भी सेवा-भाव, एकता और समर्पण के साथ जारी रखा जाएगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

