RR vs LSG IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 64वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में रोमांचक मुकाबला खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी राजस्थान के सामने लखनऊ ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 220 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। अब राजस्थान को प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए 221 रन का लक्ष्य हासिल करना होगा।

मिशेल मार्श और जोश इंग्लिस ने दिलाई विस्फोटक शुरुआत

लखनऊ सुपर जायंट्स के सलामी बल्लेबाज मिशेल मार्श और जोश इंग्लिस ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। दोनों बल्लेबाजों ने राजस्थान के गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए मैदान के हर तरफ चौके-छक्कों की बरसात कर दी।

मार्श और इंग्लिस के बीच पहले विकेट के लिए सिर्फ 50 गेंदों में 109 रन की विस्फोटक साझेदारी हुई। इस दौरान जोश इंग्लिस ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए 60 रन बनाए। हालांकि, बड़ी पारी खेलने के प्रयास में वह आउट हो गए।

मार्श शतक से चूके, पंत-पूरन ने भी निभाई भूमिका

इंग्लिस के आउट होने के बाद निकोलस पूरन बल्लेबाजी के लिए आए, लेकिन वह 16 रन बनाकर ज्यादा देर टिक नहीं सके। वहीं कप्तान ऋषभ पंत ने तेजतर्रार अंदाज में 35 रन की पारी खेली।

दूसरे छोर पर मिशेल मार्श लगातार राजस्थान के गेंदबाजों पर हावी रहे और टीम को मजबूत स्थिति तक पहुंचाया। मार्श शतक के बेहद करीब पहुंच चुके थे, लेकिन आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से 96 रन के स्कोर पर रन आउट हो गए।

राजस्थान के लिए यश पूंजा सबसे सफल गेंदबाज

राजस्थान रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी में यश राज पूंजा ने सबसे ज्यादा 2 विकेट हासिल किए। उनके अलावा जोफ्रा आर्चर को 1 सफलता मिली। हालांकि, राजस्थान के गेंदबाज लखनऊ के बल्लेबाजों पर पूरी तरह लगाम लगाने में नाकाम नजर आए।

प्लेऑफ की उम्मीदों के लिए राजस्थान के लिए करो या मरो मुकाबला

राजस्थान रॉयल्स के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। टीम फिलहाल 12 अंकों के साथ अंक तालिका में छठे स्थान पर मौजूद है, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है।

राजस्थान के पास अब लीग चरण में सिर्फ दो मुकाबले बचे हैं। ऐसे में प्लेऑफ की उम्मीदों को कायम रखने के लिए टीम को हर हाल में यह मैच जीतना होगा। हार की स्थिति में राजस्थान की राह लगभग मुश्किल हो जाएगी।

RR और LSG की प्लेइंग 11

राजस्थान रॉयल्स (RR)

यशस्वी जयसवाल (कप्तान), लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, सुशांत मिश्रा, संदीप शर्मा, ब्रिजेश शर्मा, यश राज पुंजा

इम्पैक्ट प्लेयर: वैभव सूर्यवंशी, युद्धवीर सिंह, अमन राव पेराला, रवि बिश्नोई, रियान पराग

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)

मिशेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), आयुष बदोनी, अब्दुल समद, शाहबाज़ अहमद, मोहसिन खान, मयंक यादव, आकाश महाराज सिंह, प्रिंस यादव

इम्पैक्ट प्लेयर: मुकुल चौधरी, मणिमारन सिद्धार्थ, दिग्वेश सिंह राठी, हिम्मत सिंह, अर्शिन कुलकर्णी

कहां देख सकेंगे लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के इस मुकाबले का लाइव प्रसारण दर्शक टेलीविजन पर Star Sports के चैनलों पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर भी देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H