RR vs LSG IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 64वें मुकाबले में आज राजस्थान रॉयल्स (RR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) आमने-सामने हैं। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में RR के कप्तान रियान पराग चोटिल होने की वजह से उपलब्ध नहीं हैं। उनकी जगह यशस्वी जायसवाल कप्तानी कर रहे हैं। उन्होंने LSG के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। LSG के कप्तान ऋषभ पंत ने बताया कि उन्होंने अपनी प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। ऐडन मार्करम निजी कारणों से अपने घर लौट गए हैं, जबकि मोहम्मद शमी बाहर हैं। उनकी जगह मोहसिन खान और आयुष बडोनी को मौका मिला है।

राजस्थान रॉयल्स के लिए प्लेऑफ की रेस को देखते हुए यह मुकाबला बेहद है। टीम 12 अंकों के साथ अंक तालिका में छठे स्थान पर मौजूद है, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है।

राजस्थान के पास अब सिर्फ दो मुकाबले बचे हैं, इसलिए अपने दम पर प्लेऑफ की उम्मीदें कायम रखने के लिए टीम को इस मैच में जीत दर्ज करना बेहद जरूरी होगा। हार की स्थिति में राजस्थान की राह मुश्किल हो सकती है। वहीं, लखनऊ की टीम राजस्थान का समीकरण बिगाड़ने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

बता दें कि RR बनाम LSG का यह मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, पिच रिपोर्ट, प्लेइंग इलेवन और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स समेत सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

सवाई मानसिंह स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में अब तक आईपीएल के 67 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें 24 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने जीते हैं, जबकि 43 मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को सफलता मिली है। यही वजह है कि यहां शाम के मैचों में कप्तान टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना ज्यादा पसंद करते हैं।

हालांकि, टॉस जीतना यहां जीत की गारंटी नहीं माना जा सकता। आंकड़ों के मुताबिक 37 मैच टॉस जीतने वाली टीमों ने जीते हैं, जबकि 30 मुकाबलों में टॉस हारने वाली टीम ने जीत दर्ज की है। अब तक इस मैदान पर कोई भी मैच बेनतीजा नहीं रहा है। ओस की वजह से दूसरी पारी में बल्लेबाजी आसान हो जाती है, इसलिए रन चेज करने वाली टीमों को फायदा मिलता है।

इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 168 रन है, लेकिन मौजूदा टी20 क्रिकेट के दौर में यह स्कोर काफी नहीं माना जाता। जीत के लिए अब 210 रन के आसपास का टोटल ज्यादा सुरक्षित माना जाता है। इम्पैक्ट प्लेयर नियम आने के बाद टीमों को पहली पारी में 25-30 रन अतिरिक्त बनाने की जरूरत महसूस होती है।

गेंदबाजी की बात करें तो यहां प्रति ओवर औसतन 8.47 रन खर्च होते हैं, जबकि एक विकेट लेने के लिए गेंदबाजों को करीब 30 रन खर्च करने पड़ते हैं। तेज गेंदबाजों को यहां 66.16 फीसदी विकेट मिले हैं, जबकि स्पिनरों के खाते में 33.53 फीसदी विकेट आए हैं। यानी पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार जरूर रहती है, लेकिन गेंदबाज भी सही लाइन-लेंथ के साथ असर छोड़ सकते हैं।

आईपीएल 2026 में इस मैदान पर अब तक तीन मुकाबले खेले जा चुके हैं और यह सीजन का यहां आखिरी मैच होगा। खास बात यह है कि राजस्थान इस सीजन में अपने होम ग्राउंड पर अब तक एक भी मैच नहीं जीत सकी है। यहां तीनों मैचों में 220 से ज्यादा रन बने हैं। दो मुकाबलों में टीमों ने सफल रन चेज किया, जबकि एक मैच में मेजबान राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी थी। अब राजस्थान की टीम इस आखिरी मुकाबले में अपने सम्मान के लिए मैदान पर उतरेगी।

RR बनाम LSG हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी?

आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में राजस्थान रॉयल्स का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 5 मैच राजस्थान ने अपने नाम किए हैं। वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स को सिर्फ 2 मुकाबलों में जीत मिली है।

मौजूदा सीजन में दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले इकाना स्टेडियम में खेले गए पहले मैच में राजस्थान ने जीत दर्ज की थी। ऐसे में प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी लखनऊ की टीम इस मुकाबले में पिछली हार का हिसाब बराबर करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

RR और LSG की प्लेइंग 11

राजस्थान रॉयल्स (RR)

यशस्वी जयसवाल (कप्तान), लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, सुशांत मिश्रा, संदीप शर्मा, ब्रिजेश शर्मा, यश राज पुंजा

इम्पैक्ट प्लेयर: वैभव सूर्यवंशी, युद्धवीर सिंह, अमन राव पेराला, रवि बिश्नोई, रियान पराग

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)

मिशेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), आयुष बदोनी, अब्दुल समद, शाहबाज़ अहमद, मोहसिन खान, मयंक यादव, आकाश महाराज सिंह, प्रिंस यादव

इम्पैक्ट प्लेयर: मुकुल चौधरी, मणिमारन सिद्धार्थ, दिग्वेश सिंह राठी, हिम्मत सिंह, अर्शिन कुलकर्णी

कहां देख सकेंगे लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के इस मुकाबले का लाइव प्रसारण दर्शक टेलीविजन पर शाम 7:30 बजे से Star Sports के चैनलों पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर भी देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H