राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 6 अगस्त को मुंबई स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में आयोजित I.I.M.U.N. (International Movement to Unite Nations) की 15वीं वार्षिक चैम्पियनशिप कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन समारोह को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में देशभर के 100 से अधिक शहरों से आए 15 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 2,000 से अधिक स्कूली और कॉलेज छात्र शामिल होंगे।
युवाओं से संवाद पर रहेगा विशेष फोकस
इस वर्ष सम्मेलन की थीम “दुनिया को भारतीय दृष्टिकोण से एकजुट करने में युवाओं की भूमिका” रखी गई है। उद्घाटन सत्र में डॉ. मोहन भागवत का संबोधन सम्मेलन की औपचारिक शुरुआत करेगा। इसके बाद छात्र स्थानीय, राष्ट्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श और नीति-आधारित चर्चाओं में भाग लेंगे।
I.I.M.U.N. के संस्थापक ऋषभ शाह ने कहा कि नेतृत्व केवल अगली पीढ़ी का मार्गदर्शन करना नहीं, बल्कि उनकी बात सुनना भी है। उन्होंने डॉ. भागवत का निमंत्रण स्वीकार करने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत के वर्तमान दौर में युवाओं के साथ सार्थक संवाद पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है।
I.I.M.U.N.: युवाओं के नेतृत्व को तैयार करने वाला मंच
वर्ष 2011 में स्थापित I.I.M.U.N. एक सार्वजनिक मामलों का मंच है, जिसका उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना और भारतीय विचारों एवं मूल्यों को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देना है। संस्था हर वर्ष 108 सम्मेलन आयोजित करती है और 15 से 24 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के नेतृत्व में हजारों नागरिक जागरूकता एवं सामुदायिक कार्यक्रम संचालित करती है।
सलाहकार मंडल में कई प्रतिष्ठित हस्तियां
I.I.M.U.N. के सलाहकार मंडल में अजय पीरामल, दीपक पारेख, नादिर गोदरेज, डॉ. शशि थरूर, पूर्व मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़, करण जौहर, सशस्त्र बलों के पूर्व प्रमुख और पी.टी. ऊषा जैसी प्रमुख हस्तियां शामिल हैं। संस्था के कई पूर्व प्रतिभागी आज जनप्रतिनिधि, सिविल सेवक, वकील, लेखक, अभिनेता और उद्योग जगत में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा रहे हैं।
275 शहरों और 40 देशों तक पहुंच
अपने 15वें वर्ष में I.I.M.U.N. की गतिविधियां भारत के 275 शहरों और 40 देशों तक फैल चुकी हैं। संगठन के अनुसार, अब तक 7.5 करोड़ से अधिक युवा इसके कार्यक्रमों से जुड़े हैं और 1.5 लाख से अधिक स्कूलों एवं कॉलेजों के साथ साझेदारी की जा चुकी है। संस्था के मंच पर अब तक 32 राष्ट्राध्यक्ष, नोबेल और ऑस्कर विजेता सहित 34,000 से अधिक प्रतिष्ठित वक्ता युवाओं को संबोधित कर चुके हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


