कर्नाटक में एक बार फिर मुख्यमंत्री पद के लिए खींचतान शुरू हो गई है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि, कांग्रेस आलाकमान ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को कल यानी 26 मई को दिल्ली तलब किया है। खुद मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि, उन्होंने कहा कि अभी तक उन्हें बैठक का एजेंडा नहीं बताया गया है। इस बीच समाचार एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि कर्नाटक में संभावित नेतृत्व परिवर्तन पर 2-3 दिन में फैसला आने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह 11 बजे उनकी बैठक तय है और पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने उन्हें बुलाया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक अटकलें लगती रहती हैं। वहीं डीके शिवकुमार ने भी बयान देते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व जब भी बुलाएगा, वह दिल्ली जाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने नेतृत्व परिवर्तन के सवाल पर सीधे टिप्पणी करने से बचते हुए कहा कि यह फैसला पार्टी हाईकमान का विषय है।

हाईकमान की बैठक में कई बड़े मुद्दों पर चर्चा संभव

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस नेतृत्व, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के बीच होने वाली बैठक में केवल नेतृत्व परिवर्तन ही नहीं, बल्कि राज्यसभा चुनाव, मंत्रिमंडल विस्तार और विधान परिषद चुनावों जैसे अहम मुद्दों पर भी मंथन हो सकता है। पार्टी के भीतर बढ़ती नाराजगी और कार्यकर्ताओं के दबाव को भी बैठक में अहम माना जा रहा है।

फिर चर्चा में आया ‘ढाई-ढाई साल’ फॉर्मूला

2023 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर सिद्धारमैया और शिवकुमार के बीच लंबी खींचतान चली थी। उस समय यह चर्चा जोर पकड़ गई थी कि दोनों नेताओं के बीच अनौपचारिक तौर पर ढाई-ढाई साल मुख्यमंत्री पद साझा करने पर सहमति बनी है। हालांकि कांग्रेस ने कभी आधिकारिक रूप से इस फॉर्मूले की पुष्टि नहीं की।

पहले भी उठ चुका है नेतृत्व बदलाव का मुद्दा

2025 के आखिर में भी कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर सियासी हलचल देखने को मिली थी। शिवकुमार समर्थक विधायकों ने दिल्ली में पार्टी नेताओं से मुलाकात की थी, जिसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge ने बेंगलुरु जाकर दोनों नेताओं से बातचीत की थी। उस दौरान दोनों नेताओं ने सार्वजनिक तौर पर मतभेदों से इनकार किया था। अब एक बार फिर दिल्ली में होने वाली बैठक ने कर्नाटक की राजनीति को गरमा दिया है और सभी की नजरें कांग्रेस हाईकमान के अगले कदम पर टिक गई हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m