सतीश दुबे, डबरा। मध्य प्रदेश के डबरा में बुधवार को 3 साल के बच्चे के अपहरण से हड़कंप मच गया। मासूम की खोजबीन के लिए एसपी ने पुलिस की कई टीम को जमीन पर उतार दिया। कड़ी मशककत के बाद गुरुवार को उसे जंगल से सकुशल बरामद कर लिया गया। इस दौरान अपहरणकर्ता को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
अपहृत 3 वर्षीय मासूम को पुलिस ने शिवपुरी जिले के मांगरोंनी के पास स्थित बिलोनी गांव के जंगल से सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी होतम प्रजापति को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 10 पुलिस टीमों को SSP धर्मवीर ने इस मामले में लगाया था। जिसके बाद CCTV फुटेज से पुलिस को सफलता मिली।
सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा और उनकी टीम बच्चे को लेकर थाने पहुंची। इस दौरान मां ने बच्चे को पाते ही रोते हुए सीने से लगा लिया। मां और बच्चे का भावुक मिलन देख पुलिसकर्मी भी भावुक हो गए।
यह है पूरा मामला
कर्रा आदिवासी दफाई में बुधवार दोपहर तीन वर्षीय बच्चे का दिनदहाड़े अपहरण हो गया था। बच्चों के परिजनों ने लगभग 7 बजे पुलिस को इसकी सूचना दी। दिन दहाड़े हुए अपहरण की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वहीं पुलिस भी सक्रिय हो गई और बच्चे के किडनैपिंग की वारदात को गंभीरता से लेते हुए देर रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देहात भी डबरा पहुंचे और आसपास के थानों के पुलिस बल को बच्चे की तलाश में लगाया गया।
आपको बता दें डबरा सिटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली कर्रा आदिवासी दफाई पर एक सैकड़ा से अधिक परिवार रहते हैं जो आसपास के खेतों और अन्य स्थानों पर मेहनत मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। यहां पर रहने वाले एक मजदूर परिवार के तीन वर्ष के बच्चे टिंकू का मंगलवार की दोपहर को दिनदहाड़े ईंट भट्टे पर काम करने वाले मजदूर द्वारा उस समय अपहरण कर लिया गया जब वह घर के बाहर खेल रहा था। दिनदहाड़े अपहरण होने की जानकारी मिलते ही बच्चे की मां डबरा सिटी थाने पहुंची और पुलिस को अपहरण की जानकारी दी।
अपहरण के मामले की तस्दीक करने के बाद पुलिस ने महिला लक्ष्मी पत्नी नंदराम आदिवासी की रिपोर्ट पर होतम उर्फ़ करिया प्रजापति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया। दिन दहाड़े हुए अपहरण की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देहात जयराज कुबेर डबरा पहुंचे ओर आसपास के थानों का पुलिस बल बच्चे की तलाश में लगाया गया। लेकिन देर रात तक बच्चे का सुराग नहीं लग सका।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

