कुंदन कुमार, पटना। सहरसा और पूरे कोसी क्षेत्र के लिए हवाई कनेक्टिविटी की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। सहरसा एयरपोर्ट के विकास और उन्नयन के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने 42.52 करोड़ रुपये की निविदा जारी कर दी है। वहीं, एयरपोर्ट के लिए राज्य सरकार 12 एकड़ जमीन 147 करोड़ रुपये की लागत से उपलब्ध करा रही है। इन तैयारियों के बाद सहरसा समेत पूरे कोसी क्षेत्र के लोगों को जल्द हवाई सेवा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
सीएम सम्राट ने साझा की जानकारी
सीएम सम्राट चौधरी ने खुद इस बात की जानकारी अपने एक्स पोस्ट के जरिए साझा की है। सीएम ने बताया कि, सहरसा हवाई अड्डे के विकास एवं उन्नयन हेतु AAI द्वारा 42.52 करोड़ की निविदा प्रकाशित कर दी गई है। ये पूरे कोसी क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि, 12 एकड़ भूमि 147 करोड़ की लागत से राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे सहरसा सहित पूरे कोसी क्षेत्र को शीघ्र हवाई संपर्कता मिलने की राह प्रशस्त होगी। इसके साथ ही उन्होंने इसके लिए पीएम मोदी का आभार जताया और इसे सहरसा को हवाई सम्पर्कता देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
रोजगार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
सहरसा और आसपास के जिलों के लोगों को लंबे समय से हवाई सेवा शुरू होने का इंतजार है। वहीं, अब सरकार के इस पहल से क्षेत्र में आवागमन के साथ-साथ व्यापार, रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सहरसा एयरपोर्ट के विकास के लिए निविदा जारी होने के बाद अब परियोजना के आगे बढ़ने की उम्मीद मजबूत हुई है। स्थानीय स्तर पर विकास को ध्यान में रखते हुए इसे कोसी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें- रोजगार मेले की ‘कॉल गर्ल’ वाली खबर पर सियासी घमासान, बीजेपी ने तेजस्वी और राजद को दिया जवाब



