विकास कुमार, सहरसा। सदर थाना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नया बाजार बाईपास के पास से 128 लीटर कोडीन-युक्त कफ सिरप जब्त किया है और मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तारी और बरामदगी का विवरण
सदर थाना की टीओपी-02 पुलिस टीम रात्रि गश्ती पर थी, तभी उन्हें गुप्त सूचना मिली कि नया बाजार बाईपास स्थित पासवान टोला में कुछ लोगों ने भारी मात्रा में नशे का सिरप छिपाकर रखा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पलंग के नीचे छिपाकर रखे गए 8 कार्टन बरामद हुए। हर कार्टन में 160 पीस कफ सिरप था, जिससे कुल मिलाकर 1280 पीस यानी 128 लीटर कफ सिरप बरामद हुआ। पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

आरोपियों की पहचान और अगली कार्रवाई
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को मौके से दबोचा है। इनकी पहचान तपस्वी कुमार उर्फ बाबुल कुमार और नंद कुमार झा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी नया बाजार, सहरसा बाईपास के पासवान टोला के ही रहने वाले हैं। सदर थाना में इस मामले के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

