शिखिल ब्यौहार, भोपाल/अनिल मालवीय, सीहोर। मध्य प्रदेश की राज्यसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर सियासत जारी है। बीजेपी की ओर से प्रत्याशी के नाम के ऐलान के बाद से कांग्रेस लगातार हमलावर है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने करारा प्रहार किया है। सज्जन वर्मा ने ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डरे हुए है, इसलिए हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाया है।’
सज्जन वर्मा ने किया व्यंग्य
सीहोर में किसान कांग्रेस की जिला स्तरीय प्रथम बैठक के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने तीखा हमला बोला है। व्यंग्य करते हुए भाजपा को बधाई देते नजर आ रहे हैं और कह रहे हैं कि मध्य प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट खाली होने पर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसे व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया है, जिस पर बच्चों के शोषण और एपस्टीन फाइल से जुड़े गंभीर मामले हैं।
ये भी पढ़ें: राज्यसभा प्रत्याशी के नाम पर सियासी संग्राम: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने उठाए सवाल, एपस्टीन फाइल का जिक्र कर कही ये बात
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इतने डरे हुए हैं कि कहीं उनकी पोल न खुल जाए, इसीलिए उन्होंने ऐसे प्रत्याशी को मैदान में उतारा है। इस दौरान उन्होंने आगे कहा कि वक्त आने पर सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। बैठक में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच उनके इस तीखे तेवर और बयान की खासी चर्चा रही।
PCC चीफ ने कही ये बात
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स (X) पर पोस्ट कर लिखा- हरदीप सिंह पुरी : इस नाम को सत्ता में शामिल रखने के पीछे की विवशता बता रही है कि कहीं कुछ तो ऐसा जरूर है, जिसने भाजपा की नस दबा रखी है! बीजेपी को यह बताना ही चाहिए, पुरी के नाम से जुड़े एपस्टीन प्रकरण पर उठे सवालों का जवाब, देश को आखिर कब मिलेगा? मप्रवासियों, मत के मद में डूबी भाजपा प्रदेश के साथ, आपके वोट का भी खुला अपमान कर रही है! कांग्रेस इसका विरोध करती है!

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने भी किया करारा प्रहार
इधर, पूर्व केंद्रीय मंत्री व पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश पहले से ही बच्चियों से दुराचार में देश में नंबर 1 है। अब बच्चियों से इंटरनेशनल दुराचारी के दोस्त को मध्यप्रदेश से राज्यसभा भेजना प्रदेश को कलंकित करता है। भाजपा का महिलाओं और बच्चियों के प्रति सोच को उजागर करता है।
एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है सीट
आपको बता दें कि केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद मध्य प्रदेश से राज्यसभा की एक सीट खाली हुई है। जिस पर उपचुनाव होने है। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाया है। 74 साल के हरदीप सिंह दिल्ली के रहने वाले हैं। वे वर्तमान में मोदी सरकार में पेट्रोलियम मंत्री है। भारतीय विदेश सेवा के सेवानिवृत्त राजनयिक हैं। 2021 से पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री के रूप में कार्यरत है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

