हिसार के लघु सचिवालय में आयोजित विशेष समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने जनता की गंभीर समस्याओं पर सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दो-टूक निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की शिकायतों को बेवजह लंबित न रखा जाए।

काजल, हिसार। लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में वीरवार को अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने आमजन की गंभीर समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए कि बेवजह नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। इसके लिए प्रत्येक विभाग के उच्च अधिकारी व्यक्तिगत रूप से यह सुनिश्चित करें कि उनके विभाग से संबंधित कोई भी शिकायत ज्यादा दिन तक पोर्टल या कार्यालय में लंबित न रहे। एडीसी ने साफ कहा कि आमजन को समय पर न्याय दिलाना ही इस विशेष प्रशासनिक शिविर का मुख्य उद्देश्य है।

पुलिस को दिए जांच के आदेश

समाधान शिविर में आजाद नगर निवासी पूनम द्वारा ईएमआई न भरने पर बैंक द्वारा घर बेचने के नोटिस संबंधी मामले तथा साकेत कॉलोनी निवासी कांशीराम द्वारा समिति के विरुद्ध झूठे आरोप लगाकर सरकारी अधिकारियों को गुमराह करने व समिति की छवि धूमिल करने संबंधी शिकायत आई। इस पर अतिरिक्त उपायुक्त ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को दोनों मामलों पर तुरंत गहन आगामी कार्यवाही करने को कहा। इसी तरह गांव सीसवाल निवासी एक प्रार्थी ने खेत में पड़ोसी द्वारा सरकारी पक्की खाल को बंद करके पानी रोकने व हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी संबंधी शिकायत दी जिस पर एडीसी ने पुलिस विभाग को उचित कार्यवाही के आदेश दिए।

भ्रष्टाचार की होगी जांच

इसके बाद गांव लाडवी निवासी बलदेव द्वारा कृषि भूमि सिंचाई हेतु सीसवाल सब माईनर के मोगा एवं खाल के निर्माण के दौरान हुए भ्रष्टाचार की जांच करवाने संबंधी मांग उठाई गई। इस पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने संबंधित विभाग के तकनीकी अधिकारियों को खुद मौका मुआयना कर सख्त विभागीय कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार एक अन्य मामले में एक पशु पालन सहकारी गृह निर्माण समिति को सरकार द्वारा आवंटित भूमि पर प्रबंधक कमेटी के सदस्यों द्वारा गलत तरीके से प्लाट काटने एवं उन्हें बेचने संबंधी मामलों की जांच करवाने की मांग पर एडीसी ने जिला रजिस्ट्रार कार्यालय को पूरी रिपोर्ट खंगालने की हिदायत दी।

धोखाधड़ी पर होगी सख्त कार्रवाई

शिविर के अंतिम चरण में चंदर लोक कॉलोनी निवासी अमित कुमार द्वारा जमीन खरीद मामले में प्रॉपर्टी डीलर द्वारा धोखाधड़ी करने तथा गांव पातन से छोटूराम द्वारा गांव के एक अन्य निवासी द्वारा घर में घुसकर जानलेवा हमला करने संबंधी शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त ने पुलिस विभाग को मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषी नागरिकों के खिलाफ उचित कानूनी कार्यवाही अमल में लाने को कहा। इस महत्वपूर्ण अवसर पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार, नगर निगम अतिरिक्त आयुक्त प्रदीप कुमार सहित विभिन्न संबंधित विभागों के तमाम आला अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।