करनाल जिला मुख्यालय सहित विभिन्न उपमंडलों में आयोजित समाधान शिविरों में कुल 6 शिकायतें दर्ज की गईं। डीसी डॉ। आनंद कुमार शर्मा ने इन जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर प्रभावी समाधान करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।

सुमन चौहान, करनाल। जिला उपायुक्त (डीसी) डॉ। आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का यह ऐतिहासिक निर्णय आम जनता की समस्याओं के निराकरण करने का बेहद कारगर मंच साबित हुआ है। उन्होंने बताया कि इन समाधान शिविरों के प्रति आम जनता का विश्वास लगातार बढ़ा है और उनकी रोजमर्रा की जटिल समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान हो रहा है। डीसी डॉ। आनंद कुमार शर्मा वीरवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित शिविर में खुद लोगों की गंभीर समस्याएं सुन रहे थे और आवश्यक निर्देश दे रहे थे।

उपमंडल स्तर पर आई शिकायतें

शिविर के दौरान डीसी ने उपस्थित संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला मुख्यालय सहित जिले के सभी उपमंडल स्तरों पर आज आयोजित समाधान शिविरों में कुल 6 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से करनाल मुख्यालय पर 4 शिकायतें प्राप्त हुईं जबकि नीलोखेड़ी व इंद्री उपमंडल से एक-एक शिकायत दर्ज की गई। प्रशासनिक मुस्तैदी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज घरौंडा और असंध उपमंडल में आयोजित समाधान शिविर में जनता की कोई भी शिकायत प्राप्त नहीं हुई जो एक सकारात्मक संकेत है।

इन मुख्य समस्याओं पर सुनवाई

करनाल मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में राम प्रकाश व राम सिंह फूसगढ़ रोड पर पोल्ट्री फार्म वाली गली के साथ सरकारी नाले की जमीन से अवैध अतिक्रमण हटवाने, बीरमती कैन फिन होम्स लिमिटेड को सही डिमांड नोटिस आदेश दिए जाने व उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने, वकील द्वारा गांव गंजोगढी में दो मुख्य रास्तों पर दो पुलिया बनवाने व गांव में नियमित सफाई कर्मचारी तैनात करने तथा सोमदत्त पंचायत विभाग से संबंधित गंभीर समस्या को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष पहुंचे। वहीं दूसरी ओर नीलोखेड़ी उपमंडल में आयोजित समाधान शिविर में राजेश कुमार पहचान पत्र से संबंधित समस्या लेकर उपस्थित हुए।

परिवार पहचान पत्र की समस्या

इसी प्रकार से इंद्री उपमंडल में आयोजित समाधान शिविर में रीना कौर अपने परिवार पहचान पत्र में आय सत्यापन की जटिल समस्या लेकर अधिकारियों के सामने पहुंचीं। डीसी डॉ। आनंद कुमार शर्मा ने इन सभी आवेदकों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से दर्ज करते हुए संबंधित विभागों के आला अधिकारियों को मौके पर ही बुलाकर इनके पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण के कड़े निर्देश दिए हैं। प्रशासन का स्पष्ट मानना है कि जनता के कार्यों में किसी भी स्तर पर देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर तुरंत निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा।