संजीव कुमार, समस्तीपुर। जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां निगरनी विभाग की टीम ने रोसड़ा अनुमंडल की DCLR कंचन कुमारी झा को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, जमीन विवाद से जुड़े मामले को निपटाने के बदले कंचन झा की ओर से इस रिश्वत की मांग की गई थी।
आवाश की तलाशी, 13 लाख कैश बरामद
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए DCLR कंचन कुमारी झा को कथित तौर पर 2 लाख रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद निगरानी टीम ने उनके आवास की भी तलाशी ली, जहां से करीब 13 लाख रुपये नकद बरामद होने की बात सामने आई है। फिलहाल निगरानी विभाग की टीम पूरे मामले में आगे की कार्रवाई और पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है।
पीड़ित ने की थी निगरानी विभाग में शिकायत
आरोप है कि DCLR कंचन झा ने विभूतिपुर निवासी मनोज कुमार महतो नाम के एक युवक से जमीन विवाद से जुड़े एक मामले का निपटार करने के लिए उससे 2 लाख रिश्वत की मांगी की थी। इसकी शिकायत निगरानी विभाग में की थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी टीम ने अपने स्तर से इस मामले की जांच की, जिसमें आरोप सत्य पाए गए। आरोप के सही पाए जाने पर निगरानी विभाग ने योजना बनाकर फिल्मी स्टाइल में इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
2 लाख के अलावा, वॉशिंग मशीन भी मांगा
निगरानी विभाग की टीम आज गुरुवार की सुबह शिकायतकर्ता मनोज कुमार महतो को लेकर रोसड़ा स्थित DCLR कंचन झा के सरकारी आवास पर पहुंची। योजना के मुताबिक मनोज कुमार पैसे लेकर DCLR को देने पहुंचा, जैसे ही कंचन झा ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में पकड़ा जाल बिछाए निगरानी विभाग की टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद निगरानी विभाग के अधिकारियों ने आवास में भी छापेमारी की। इस दौरान आवास से 13 लाख नगद कैश समेत कई दस्तावेज बरामद हुए।
शिकायतकर्ता मनोज कुमार महतो ने बताया कि DCLR कंचन झा ने जमीन से संबंधित उनके मामले का निपटारा करने के लिए 2 लाख नगद के अलावा एक वॉशिंग मशीन की भी मांग की थी। फिहलाल निगरानी विभाग की इस कार्रवाई से पूरे रोसड़ा अंचल में हड़कंप मचा हुआ है।
ये भी पढ़ें- TRE-4 शिक्षक भर्ती: प्रदर्शन कर रहे छात्रों की बड़ी जीत, एकल परीक्षा पर सरकार ने लगाई मुहर!


