समस्तीपुर। जिले में जमीन के एक मामले ने खूनी रूप ले लिया है। जिले के भागीरथपुर गांव में शनिवार की सुबह एक किसान की निर्मम तरीके से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जूट मिल गाढ़ा वार्ड-4 निवासी 48 वर्षीय अजीत कुमार सहनी के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
4 साल पहले तय हुई थी जमीन की डील
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी झगरू सहनी और मृतक अजीत सहनी दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और उनके घरों के बीच की दूरी महज एक किलोमीटर थी। अजीत सहनी ने झगरू सहनी से दो कट्ठा जमीन खरीदने के लिए चार लाख रुपये में सौदा तय किया था। समझौते के तहत अजीत ने एडवांस के रूप में पूरे चार लाख रुपये झगरू को सौंप दिए थे। इसके बाद दोनों के बीच एक स्टांप पेपर पर आधिकारिक एग्रीमेंट भी तैयार हुआ था, जिसमें स्पष्ट रूप से यह शर्त रखी गई थी कि छह महीने के भीतर जमीन की रजिस्ट्री कर दी जाएगी।
एग्रीमेंट खत्म होने के बाद शुरू हुआ विवाद
मृतक के बेटे राहुल ने मीडिया को जानकारी दी कि छह महीने की अवधि पूरी होने के बाद जब उनके पिता अजीत सहनी ने आरोपी झगरू सहनी पर जमीन की रजिस्ट्री करने का दबाव बनाया, तो वह हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर टालमटोल करने लगा। समय बीतने के बाद आरोपी ने जमीन देने से साफ इनकार कर दिया और कहा कि वह अब जमीन नहीं बेचेगा तथा पैसे वापस कर देगा। लेकिन इसके बाद से ही वह रकम लौटाने में आनाकानी करने लगा, जिससे विवाद लगातार गहराता चला गया।
पैसे मांगने गए किसान पर चाकू से ताबड़तोड़ वार
राहुल के अनुसार, आरोपी पिछले कई दिनों से पैसे देने के नाम पर टाल रहा था। घटना से तीन दिन पहले भी आरोपी ने कागजात लेकर बुलाया था और वहां पहुंचने पर कागजात छीनकर तीन दिन बाद आने की बात कही थी। शनिवार की सुबह अजीत कुमार सहनी अपनी बाइक से झगरू सहनी के घर बकाया पैसे वापस मांगने पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी पक्ष के लोगों ने उन्हें घेर लिया और साजिश के तहत चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
पुलिस की कार्रवाई और डीएसपी का बयान
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आनन-फानन में शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। इस संबंध में सदर डीएसपी-2 संजय कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या की मुख्य वजह जमीन खरीद-फरोख्त के दौरान हुआ पैसों का लेनदेन ही सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी टीम का गठन कर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी नामजद आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।

