समस्तीपुर। शहर में मंदिर के पास अश्लील भोजपुरी गाना बजाने का विरोध करना एक 22 वर्षीय युवक को भारी पड़ गया। हलई थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 9 में हुई इस वारदात में विजय कुमार की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से ही इलाके में भारी तनाव व्याप्त है।

​क्या है पूरा मामला?

मृतक विजय कुमार के चचेरे भाई उमेश पंडित ने बताया कि विजय राजस्थान में रहकर मजदूरी करता था और करीब तीन साल बाद एक महीना पहले ही अपने घर लौटा था। गुरुवार की रात गांव के ही सागर राय के पुत्र सन्नी कुमार की शादी थी। शादी के उपलक्ष्य में बारात काली मंदिर के पास पहुंची जहां डीजे पर अश्लील भोजपुरी गानों पर डांस किया जा रहा था।

​विरोध करने पर हुई निर्मम हत्या

मंदिर के ठीक बगल में विजय का घर है। तेज आवाज में बज रहे अश्लील गानों और मंदिर की पवित्रता को धूमिल होते देख विजय ने वहां मौजूद लोगों से आग्रह किया कि मंदिर परिसर के पास अश्लील गानों के बजाय धार्मिक गीत बजाए जाएं। आरोप है कि विजय का यह टोकना सन्नी और उसके साथियों को नागवार गुजरा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सन्नी और उसके दोस्तों ने विजय पर हमला कर दिया। पहले उसे बेरहमी से पीटा गया और फिर गला घोंटकर उसकी जान ले ली गई।

​पुलिस और परिवार का रुख

घटना के बाद आरोपी की शादी की रस्में जारी रहीं, जिससे लोगों में काफी आक्रोश है। पुलिस उपाधीक्षक (DSP) बीके मेधावी ने बताया कि पुलिस टीम दो बार पीड़ित परिवार के पास पहुंच चुकी है लेकिन परिवार अभी अंतिम संस्कार की प्रक्रियाओं में व्यस्त है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जैसे ही पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त होगा प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है जिससे मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।