दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित INDIA ब्लॉक की रैली को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। बीजेपी नेता और सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस के 10 लाख लोगों की भीड़ जुटाने के दावे पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी और पार्टी नेतृत्व पर निशाना साधा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पात्रा ने रामलीला मैदान की तस्वीरें और वीडियो दिखाकर दावा किया कि रैली में कांग्रेस के दावे के मुताबिक भीड़ नहीं पहुंची थी।

संबित पात्रा का दावा- मैदान में खाली थीं हजारों कुर्सियां

संबित पात्रा के मुताबिक, रामलीला मैदान करीब 10 से 12 एकड़ में फैला है। उन्होंने दावा किया कि मैदान का लगभग 15 फीसदी हिस्सा मंच और उसके सामने बने डी-एरिया में इस्तेमाल हुआ, जबकि करीब 40 फीसदी हिस्सा खाली नजर आ रहा था।

बीजेपी नेता ने कहा कि रैली के लिए कुल 28 हजार कुर्सियां लगाई गई थीं, जिनमें से करीब 5 से 7 हजार कुर्सियां खाली थीं। उन्होंने बताया कि बीजेपी की ओर से दिखाया गया वीडियो दोपहर साढ़े तीन से चार बजे के बीच का है। पात्रा ने सवाल किया, ”अगर 10 लाख लोग आने वाले थे तो वे दिखाई क्यों नहीं दिए?”

राहुल गांधी की शॉपिंग वाली अपील पर भी तंज

राहुल गांधी की ओर से रैली में शामिल होने आए लोगों से खरीदारी करने की अपील पर भी संबित पात्रा ने निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी के कथित वियतनाम और थाईलैंड दौरों का जिक्र करते हुए सवाल किया कि क्या राहुल गांधी चांदनी चौक में खरीदारी करेंगे? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी कहां खरीदारी करेंगे, यह सभी जानते हैं।

ट्रिक फोटोग्राफी से भीड़ दिखाने का आरोप

संबित पात्रा ने कांग्रेस पर ट्रिक फोटोग्राफी के जरिए रैली में बड़ी भीड़ दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तस्वीरों में भीड़ को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है, जबकि मैदान की वास्तविक स्थिति अलग होती है।

अमित शाह और नितिन नवीन ने भी साधा निशाना

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उन्हें प्रधानमंत्री बनना है तो वे पूरी जिंदगी ‘मॉक पार्लियामेंट’ में बने रह सकते हैं, लेकिन असली संसद में उनका नंबर नहीं आएगा।

वहीं, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने INDIA ब्लॉक के नेताओं पर चुनावी हार से निराश होकर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। इस बयानबाजी के बाद INDIA ब्लॉक की रैली को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m