कुंदन कुमार, पटना। बीजेपी विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया है। बीजेपी विधायक दल की बैठक के बाद अब सेंट्रल हाल में होने वाली एनडीए विधायक की बैठक होगी, जिसमें सम्राट चौधरी को एनडीए विधायक दल का नेता चुना जाएगा।

इसके बाद सम्राट चौधरी राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। वहीं, कल बुधवार की सुबह 11 बजे सम्राट चौधरी सीएम पद की शपथ लेंगे।

दिलीप जायसवाल का बयान

सम्राट चौधरी के भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर बीजेपी नेता दिलीप जस्यवाल ने कहा कि, सर्वसम्मति से हमने विजय कुमार सिन्हा के प्रस्ताव का समर्थन किया और हमारे पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की कि विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी होंगे। अब हम NDA की बैठक में जा रहे हैं, NDA की बैठक में उन्हें NDA का नेता चुना जाएगा।

जनसेवा का बताया पवित्र अवसर

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया है। सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से इसे जनसेवा का पवित्र अवसर बताया। उन्होंने कहा कि, यह पद उनके लिए केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि बिहार की जनता के सपनों को साकार करने का माध्यम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए शिखर पर ले जाने का संकल्प दोहराया।

पहली बार बीजेपी से सीएम बनेगा कोई

बिहार की राजनीति में यह पहला मौका होगा, जब बिहार में कोई बीजेपी का सीएम होगा। इस अवसर पर बीजेपी के कार्यकर्ताओं और नेताओं में खुशी की लहर साफ झलक रही है। इस मौके पर जहां बीजेपी कार्यालय को दुल्हन की तरह सजाया गया है। वहीं, कल होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को लेकर भी तैयारियां तेज कर दी गई है। कल होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी भी शामिल हो सकते हैं। सम्राट चौधरी जहां सीएम पद की शपथ लेंगे। वहीं, जदयू से विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे।

ये भी पढ़ें- ‘महात्मा गांधी के हत्यारों की…’, नीतीश के इस्तीफे पर तेजस्वी का पहला बयान आया सामने, जानें क्या कहा?