अनुज कुमार पाण्डेय, गोपालगंज। बेहतर भविष्य का सपना और परिवार का सहारा बनने की उम्मीद लिए दिल्ली गए जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटखौली गांव के 25 वर्षीय युवक संजय कुमार वर्मा की लिफ्ट हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जिस घर में कुछ ही महीनों बाद शादी की शहनाई बजने वाली थी, वहां अब चीख-पुकार गूंज रहा है। संजय की मौत की खबर मिलते ही पूरे पटखौली गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ​मृतक की पहचान पटखौली गांव निवासी विजय वर्मा के दूसरे पुत्र संजय कुमार वर्मा (25 वर्ष) के रूप में हुई है।

अप्रैल में होनी थी शादी

परिजनों के अनुसार, संजय दिल्ली में अपने बड़े भाई के साथ रहकर लिफ्ट लगाने और रखरखाव से जुड़े काम में मजदूरी करता था। रोज़ाना की तरह वह काम में जुटा था, तभी अचानक लिफ्ट से नीचे गिर गया। हादसा इतना भयानक था कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।​ इस हृदयविदारक घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को एक पल में तबाह कर दिया। परिजनों ने बताया कि संजय की शादी अप्रैल 2027 में तय हुई थी।

घटना के अगले दिन लौटना था गांव

घर में शादी को लेकर तैयारियां चल रही थीं और हर कोई आने वाले शुभ कार्य को लेकर बेहद उत्साहित था। संजय को घटना के ठीक अगले दिन ही गांव लौटना था, जिसके लिए उसका ट्रेन टिकट भी बुक हो चुका था। मां-बाप और रिश्तेदार उत्सुकता से उसके आने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन किसे मालूम था कि खुशियों की जगह जिंदगी का सबसे बड़ा दर्द घर की चौखट पर दस्तक देगा।

मां-पिता का रो-रोकर बुरा हाल

​जिस बेटे के सिर पर सेहरा सजाने के सपने बुने जा रहे थे, उसकी अर्थी उठने की खबर मिलते ही पिता विजय वर्मा और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों का जमावड़ा मृतक के घर पर लग गया। गांव का हर व्यक्ति इस अनहोनी से स्तब्ध है और परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटा है। एक झटके में उजड़े परिवार के सपनों और असमय काल के गाल में समाए संजय के लिए पटखौली गांव की हर आंख नम है।

ये भी पढ़ें- किशनगंज में दर्दनाक हादसा: मिट्टी का टीला ढहने से 3 चचेरी बहनों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम