Bihar News: दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके द्वारा 16 अक्टूबर 2026 को शाम 5 बजे तिरंगा मार्च और तिरंगा फहराने का ऐलान किया गया है। सीजेपी के प्रस्तावित तिरंगा यात्रा पर बीजेपी सांसद संजय जायसवाल की प्रतिक्रिया सामने आई है।
संजय जायसवाल ने कहा कि, अच्छी बात है, भारतीय और भारत के झंडे के प्रति सम्मान रखें, भारत के नागरिकों के प्रति सम्मान रखें, ये देश शांति से आगे बढ़ सके, उसके प्रति सम्मान रखें। लेकिन किसी विदेशी ताकतों के एजेंडे में आकर कोई काम नहीं होना चाहिए।
‘आज तक एक गलती नहीं निकाल सका विपक्ष’
सांसद संजय जायसवाल ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, SIR में एक गलती आज तक कोई नहीं निकाल सका है, जितनी भी गलतियां उन्होंने बोली थीं, सभी चीजों का जवाब ECI ने उन्हें दिया है। गौरतलब है कि एसआईआर को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांग रहा है।
अमेरिकी सिंगर के ट्वीट पर कही ये बात
वहीं, अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन के ट्वीट पर सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि, यह भारतीय नागरिकों को सोचना है कि इस देश के साथ हम कैसे आगे बढ़ें और भारतीय नागरिक इसे देख भी रहे हैं। अभी हमने गुजरात के चारों स्थानीय शहरी निकायों के चुनावी नतीजे देखें। विपक्ष दूर-दूर तक कहीं नहीं है।
दरअसल अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने एक्स पोस्ट करते हुए यह दावा किया था कि CJP के नेता अभिजीत दिपके और उनके संगठन को अमेरिका में मौजूद कुछ ऐसे लोगों से आर्थिक समर्थन मिल रहा है, जो प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक विचारधारा और नेतृत्व के खिलाफ हैं। इस दौरान उन्होंने भारतीय युवाओं से इस मुद्दे पर चुप नहीं रहने की अपील की। मिलबेन ने अपने संदेश में मिलबेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का समर्थन भी किया।
सौरव-आशुतोष की गिरफ्तारी पर दिल्ली लौटे दीपके
गौरतलब है कि हालही में सीजेपी नेता सौरव दास और आशुतोष रांका ने जंतर-मंतर पर तिरंगा लहराया था, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। सौरव-आशुतोष की गिरफ्तारी के बाद अभिजीत दीपके मुंबई से दिल्ली लौट आए हैं। दिल्ली लौटते ही दीपके ने 16 अक्टूबर को 5 बजे सीपी के सेंट्रल पार्क में तिरंगा यात्रा निकालने का ऐलान किया। साथ ही उन्होंने तिरंगा यात्रा में भारी संख्या में लोगों से पहुंचने की अपील की है। दीपके ने यह भी कहा कि जो लोग दिल्ली नहीं आ सकते वो अपने-अपने शहरों में तिरंगा मार्च निकालने की अपील की है।
ये भी पढ़ें- नालंदा में शराब तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग, गोली लगने से सिपाही की मौत

