Bihar News: बांकीपुर उपचुनाव में राजद द्वारा अपने सभी संगठन इकाईयों को भंग किए जाने पर भाजपा की प्रतिक्रिया सामने आई है। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि, बिहार से आरजेडी का सुपड़ा साफ हो चुका है। तेजस्वी को अब दूर-दूर तक बिहार से कोई मतलब नहीं है, बिहार की समस्या से नहीं है, बिहार वासियों से कोई मतलब नहीं है। इसलिए तो पिछले विधानसभा चुनाव में सुपड़ा साफ हुआ।

संजय सरावगी ने तंज कसते हुए कहा कि, महीनों-महीनों तेजस्वी विदेश में रहते हैं, ठंडी हवा खाकर फिर आते हैं, फिर दो-चार-पांच दिन मीडिया में छपेंगे, अब फिर गायब हो जाएंगे। उन्हें कोई मतलब है क्या?

गोबरधन योजना को लेकर कही ये बात

वहीं, गोबरधन योजना पर सरावगी ने कहा कि, देश आत्मनिर्भर बने, प्रधानमंत्री की यही सोच है। विदेशों पर आत्मनिर्भरता कम हो। हमारा निर्यात बढ़े, आयात कम से कम हो। इसलिए देश भारत आत्मनिर्भर बने, इसी के लिए ऐसे निर्णय लिए जा रहे हैं।

छात्र-नौजवानों को बताया देश का भविष्य

छात्रों के विरोध-प्रदर्शन और Gen Z पर मोहन भागवत की टिप्पणियों पर संजय सरावगी ने कहा कि, उन्होंने ठीक कहा है। छात्रों के साथ संवाद होते ही रहना चाहिए और संवाद से ही समाधान निकलते हैं। छात्र-नौजवान इस देश के भविष्य हैं। प्रधानमंत्री लगातार छात्रों और नौजवानों को संदेश भी दे रहे हैं, उनसे संवाद भी कर रहे हैं। इस छात्र आंदोलन की आढ़ में देश-विरोधी ताकतों की सक्रियता ठीक नहीं है या जो विपक्ष अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकता है वो ठीक नहीं है। ये छात्र व नौजवान आगे चलकर देश का भविष्य होंगे।

जल्द ही नई टीम का ऐलान करेगा राजद

गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव में मिली हार के बाद राजद ने अपने संगठन को नए सिरे से मजबूत करने के लिए एक बड़ा और कड़ा फैसला लिया है। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव से विचार-विमर्श करने के बाद कल गुरुवार को तत्काल प्रभाव से राजद बिहार की प्रदेश से लेकर पंचायत स्तर की सभी सांगठनिक इकाइयों को भंग कर दिया है। इस संबंध में पार्टी की ओर से आधिकारिक आदेश भी जारी किया गया है। जल्द ही नई टीम का ऐलान किया जाएगा।

कहा जा रहा है कि राजद जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ को पहले से अधिक मजबूत और धारदार बनाने के लिए युवाओं और पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को नए सिर से जिम्मेदारी और स्थान देने को लेकर यह कड़ा फैसला लिया है।

ये भी पढ़ें- सासाराम ईओ हत्याकांड मामले में लोजपा विधायक के समर्थन में उतरी BJP, कहा- लगाए गए आरोप पूरी तरह बेबुनियाद