अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिला भाजपा अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सन्नी देओल चंद्रवंशी ने सासाराम में एक प्रेस वार्ता के दौरान विधायक सोनू सिंह का पुरजोर समर्थन किया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि डेहरी विधायक सोनू सिंह पर किसी भी प्रकार का आरोप लगाना पूरी तरह से गलत और निराधार है।
​सन्नी देओल चंद्रवंशी ने विधायक के व्यक्तित्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि सोनू सिंह एक बेहद संवेदनशील इंसान हैं, जो हमेशा समाज की भलाई के लिए खड़े रहते हैं। विधायक बनने से पहले भी वह निस्वार्थ भाव से समाज सेवा करते आए हैं और आज विधायक के रूप में भी जनता की सेवा में तत्पर हैं।

​फोन पर बात करने का मतलब प्रताड़ना नहीं

​विधायक पर लग रहे दबाव और प्रताड़ना के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता ने कहा कि यदि कोई जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए किसी अधिकारी से मोबाइल फोन पर बातचीत कर लेता है, तो इसका यह कतई अर्थ नहीं लगाया जाना चाहिए कि वह उस अधिकारी को प्रताड़ित कर रहा था। यह जनहित के कार्यों का एक सामान्य हिस्सा है।

​निष्पक्ष जांच की मांग और पुलिस पर भरोसा

​भाजपा नेता ने इस पूरे हत्याकांड की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की जोरदार मांग की है। उन्होंने कहा कि बिना पूरी जांच के किसी पर भी इस तरह के आरोप लगाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
​उन्होंने बिहार पुलिस की कार्यकुशलता पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि राज्य की पुलिस इस मामले की तह तक जाने में पूरी तरह सक्षम है। पुलिस जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ कर देगी। इस घटना में जो भी वास्तविक दोषी पाया जाएगा, उस पर जल्द से जल्द सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। अंत में उन्होंने अपनी गहरी संवेदनाएं मृतक अधिकारी विमल कुमार के शोकाकुल परिवार के प्रति व्यक्त कीं।