हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के गांव डेरोली अहीर निवासी संतलाल अपनी अनोखी शारीरिक स्थिति के कारण भीषण गर्मी में कंबल ओढ़ते हैं और सर्दियों में बर्फ पर सोते हैं।
महेंद्रगढ़। जिले का एक शख्स इन दिनों अपनी अनोखी शारीरिक स्थिति के कारण लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। जब 43 डिग्री सेल्सियस की भीषण गर्मी में लोग एसी, कूलर और पंखों के सामने भी परेशान रहते हैं, तब डेरोली अहीर गांव निवासी संतलाल उर्फ मौसमलाल दो कंबल ओढ़कर आग तापते नजर आते हैं। वहीं, कड़ाके की सर्दियों में उनका हाल बिल्कुल उल्टा हो जाता है। तब उन्हें इतनी गर्मी लगती है कि वे ठंडे पानी से नहाते हैं और राहत पाने के लिए बर्फ की सिल्ली पर भी लेट जाते हैं। उनकी यही अनोखी जीवनशैली लोगों को हैरान कर देती है और कई लोग उन्हें मजाकिया अंदाज में ‘दुनिया का आठवां अजूबा’ तक कहने लगे हैं।
संतलाल बताते हैं कि उन्हें बचपन से ही यह समस्या है। भीषण गर्मी में भी उन्हें लगातार ठंड महसूस होती है। ठंड से बचने के लिए वे हर समय कंबल या रजाई ओढ़े रहते हैं। सुबह उठते ही सबसे पहले आग जलाकर शरीर को तापते हैं। उनका कहना है कि अगर ऐसा न करें तो ठंड सहन करना मुश्किल हो जाता है, जबकि आसपास के लोग गर्मी से बेहाल रहते हैं।
हैरानी की बात यह है कि सर्दियों का मौसम आते ही उनकी स्थिति पूरी तरह बदल जाती है। जब लोग ठंड से बचने के लिए कई परतों में गर्म कपड़े पहनते हैं, तब संतलाल को असहनीय गर्मी महसूस होती है। वे गर्म कपड़ों से दूरी बना लेते हैं, ठंडे पानी से स्नान करते हैं और कई बार बर्फ की सिल्ली पर लेटकर शरीर को ठंडा करने की कोशिश करते हैं। उनका कहना है कि यदि सर्दियों में गर्म पानी से नहाएं तो उन्हें और अधिक गर्मी लगने लगती है।
संतलाल के अनुसार उन्होंने अपनी इस समस्या के लिए कई डॉक्टरों से इलाज कराया, लेकिन कोई समाधान नहीं मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई चिकित्सकों और विशेषज्ञों ने भी उनकी जांच की, लेकिन शरीर के सभी अंग सामान्य पाए गए। उनकी यह अनोखी शारीरिक स्थिति आज भी चिकित्सा विज्ञान के लिए एक पहेली बनी हुई है। इसी वजह से दूर-दूर से लोग उन्हें देखने आते हैं और उनकी कहानी सुनकर हैरान रह जाते हैं।

