पंकज श्रीवास्तव/​छपरा: सारण जिले के नगरा प्रखंड अंतर्गत फिरोजपुर गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 25 वर्षीय युवती अपनी जान जोखिम में डालकर मोबाइल टावर की सबसे ऊंची चोटी पर जा बैठी। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया और देखते ही देखते हजारों की संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।

​प्रेम प्रसंग का मामला आया सामने

प्राप्त जानकारी के अनुसार टावर पर चढ़ने वाली युवती फिरोजपुर निवासी स्वर्गीय रवीन्द्र राम की पुत्री ममता कुमारी है। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि युवती का गांव के ही एक युवक के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बुधवार को उसी युवक की शादी तय थी जिससे आहत होकर ममता ने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि आधिकारिक तौर पर प्रशासन ने अभी तक इस प्रेम प्रसंग या शादी के कारणों की पुष्टि नहीं की है।

​प्रशासन की तत्परता और घंटों चला रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया। नगरा बीडीओ अनुभव कुमार, खैरा थानाध्यक्ष अखिलेश पासवान के साथ पुलिस बल मौके पर पहुँचा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों में मुखिया अशोक साह, ललित प्रसाद यादव और समाजसेवी मोती लाल राय ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।
​टावर के ऊपर बैठी युवती को उतारने के लिए प्रशासन और ग्रामीणों ने घंटों मशक्कत की। युवती अपनी मांगों को लेकर टावर पर ही अड़ी रही। नीचे खड़े लोग सांसें थामे उसे सुरक्षित नीचे उतारने की गुहार लगाते रहे। अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने काफी धैर्य के साथ उसकी बातों को सुना और उचित कानूनी कार्रवाई तथा समस्या के समाधान का पूरा आश्वासन दिया।

​सुरक्षित नीचे उतरी युवती

प्रशासनिक अधिकारियों के भरोसे और जनप्रतिनिधियों की समझाइश के बाद आखिरकार युवती का गुस्सा शांत हुआ और वह धीरे-धीरे टावर से सुरक्षित नीचे उतर आई। युवती के नीचे आते ही पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। फिलहाल, प्रशासन इस मामले की बारीकी से जांच कर रहा है ताकि भविष्य में ऐसी किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इस घटना ने पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।