अविनाश श्रीवास्तव/​ रोहतास। बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन से एक खबर सामने आई है, जहां प्लेटफॉर्म संख्या-6 पर खड़ी एक पैसेंजर ट्रेन अचानक धू-धू कर जल उठी। इस भीषण अगलगी के बाद पूरे स्टेशन परिसर और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

​शॉर्ट सर्किट से भड़कीं आग की लपटें

​जानकारी के मुताबिक, हादसा सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर (ट्रेन संख्या- 53212) में हुआ। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर खड़ी इस ट्रेन के इंजन से पांचवें नंबर वाले सामान्य (जनरल) कोच में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि उसकी तेज लपटें आसमान छूने लगीं। आग की भयावहता को देखकर आसपास मौजूद लोग और यात्री डर के मारे दूर भागने लगे। शुरुआती जांच और चश्मदीदों के अनुसार, इस दुर्घटना की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है।

​ट्रेन खुलने से ठीक पहले मची अफरा-तफरी

​यह पैसेंजर ट्रेन रोजाना अपने निर्धारित समय सुबह 06:45 बजे सासाराम से पटना के लिए रवाना होती है। गनीमत यह रही कि ट्रेन के खुलने और रफ्तार पकड़ने से पहले ही बोगी से धुआं और लपटें उठने लगीं। ट्रेन को खड़ा देख बोगी में सवार सभी यात्री तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित नीचे उतर गए। इस वजह से किसी भी यात्री के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।

​रेलवे कर्मियों और दमकल विभाग ने पाया काबू

​घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्थानीय दमकल विभाग की गाड़ियां और रेलवे के सतर्क कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए सबसे पहले प्रभावित बोगी को ट्रेन के इंजन और बाकी डिब्बों से काटकर अलग किया, ताकि आग आगे न फैले। इसके बाद कड़ी मशक्कत कर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।