अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। रूपहथा गांव के पास बाइक सवार एक अज्ञात युवक ने 40 वर्षीया रीता देवी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। महिला अपने किसी काम से बाहर गई थी और बस से उतरकर पैदल ही अपने गांव रूपहथा लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए हमलावर ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम
हमले के दौरान महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े। चाकू के कई वार लगने से रीता देवी लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी थीं। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान रूपहथा गांव निवासी मुन्ना चंद्रवंशी की पत्नी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।
हमलावर की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक अपनी बाइक पर सवार होकर मौके से बड़ी आसानी से फरार हो गया। सूचना मिलते ही धर्मपुरा थाना पुलिस पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
हत्या के कारणों की गहन जांच जारी
फिलहाल हत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस हर संभावित बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है। पारिवारिक विवाद, आपसी रंजिश या किसी अन्य वजह से इस घटना को अंजाम दिया गया है, इसकी छानबीन की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को चिन्हित करने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

