दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार को ढही 40 साल पुरानी इमारत मामले में पुलिस ने आरोपी मकान मालिक हरि राम बंसल को सोमवार को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से गुरुग्राम के सेक्टर-23 का रहने वाला है। दिल्ली के साउथ कैंपस थाने में केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 लोगों को रेस्क्यू कर बचाया गया है। 5 गंभीर घायलों का इलाज दिल्ली एम्स (AIIMS) में चल रहा है।
गुरुग्राम स्थित घर पर लटका मिला ताला, खड़ी मिली फॉर्च्यूनर
हादसे के बाद जब मीडिया टीम गुरुग्राम के सेक्टर-23 स्थित हरि राम बंसल के घर पहुंची, तो मुख्य गेट और पीछे का दरवाजा दोनों बंद मिले। बेल बजाने पर भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। घर के अंदर एक फॉर्च्यूनर गाड़ी खड़ी दिखाई दी। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि हरि राम के दो बेटे हैं- संजय और आनंद बंसल। इनमें से एक बेटा पायलट है, जबकि दूसरा बेटा गुरुग्राम के सेक्टर-23 बाजार में पेंट की दुकान चलाता है।
बाजार में पेंट्स की दुकान बंद, 4-5 संपत्तियों के मालिक
हादसे की खबर मिलते ही सेक्टर-23 बाजार स्थित आनंद बंसल की ‘हरि पेंट्स’ की दुकान भी बंद पाई गई। दुकान के बाहर मिले पेंटर विनोद कुमार ने बताया कि वह सामान खरीदने आए थे, लेकिन दुकान बंद थी। पड़ोसी एसके शर्मा ने बताया कि बंसल परिवार कई सालों से यहां रह रहा है और क्षेत्र में उनकी चार-पांच संपत्तियां हैं। पड़ोसियों का कहना है कि परिवार का स्वभाव अच्छा है, लेकिन उन्हें दिल्ली की संपत्ति और हादसे के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, स्निफर डॉग्स और कैमरों से तलाश
उधर, दिल्ली के सत्य निकेतन स्थित दुर्घटनास्थल पर मलबा हटाने का काम तेजी से चल रहा है। मलबे के नीचे अभी भी कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है। दिल्ली पुलिस और राहत दल मलबे में फंसे लोगों का सुराग लगाने के लिए स्निफर डॉग्स और हाई-टेक कैमरों की मदद ले रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



