शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में युवाओं और नागरिकों को वित्तीय रूप से साक्षर बनाने तथा फर्जी निवेश योजनाओं व ठगी से बचाने के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) एक बड़ा अभियान शुरू करने जा रहा है। सेबी मध्य प्रदेश में ‘प्रोजेक्ट जागरूक’ संचालित करेगा। इस मेगा अवेयरनेस कैंपेन को लेकर सेबी अध्यक्ष तुहिन कांत पांडे ने प्रदेश के मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल को पत्र भेजकर विस्तृत प्रस्ताव साझा किया है, जिस पर उच्च शिक्षा विभाग ने अपनी हरी झंडी दे दी है।

सरकारी कॉलेजों और युवाओं पर रहेगा मुख्य फोकस

उच्च शिक्षा विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद अब प्रदेश के सभी सरकारी कॉलेजों में युवाओं को वित्तीय साक्षरता और सुरक्षित निवेश की ट्रेनिंग दी जाएगी। फर्जी स्कीमों से बचाव: इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को शेयर बाजार, निवेश के सही माध्यमों की जानकारी देना और पोंजी स्कीमों या साइबर/फाइनेंशियल फ्रॉड से बचाना है। मल्टी-डिपार्टमेंटल मॉडल: इस अभियान में केवल शिक्षा विभाग ही नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय, कौशल विकास, महिला एवं बाल विकास, पुलिस और पंचायती राज विभाग को भी शामिल किया जाएगा।

वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र, नोडल अफसर होंगे नियुक्त

सेबी अध्यक्ष की ओर से अपर मुख्य सचिव (ACS) उच्च शिक्षा अनुपम राजन और अपर मुख्य सचिव (ACS) वित्त मनीष रस्तोगी को भी पत्र भेजकर योजना के रोडमैप से अवगत कराया गया है। नोडल अफसरों की तैनाती: अभियान को गति देने और सुचारू संचालन के लिए संबंधित विभागों में जल्द ही नोडल अफसरों की नियुक्ति की जाएगी।

सरकारी कर्मचारियों और पुलिस को भी ट्रेनिंग

सेबी ने अपने प्रस्ताव में सुझाव दिया है कि पुलिस बल, महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले और विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारियों के लिए भी विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएं, ताकि वे खुद भी जागरूक रहें और आम जनता को भी वित्तीय ठगी से बचा सकें। प्रशासनिक स्तर पर हरी झंडी मिलने के बाद अब जल्द ही इस राज्यव्यापी अभियान की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन शुरू किया जाएगा।

पॉवर गॉसिप: दिल्ली के बुलावे ने बढ़ाई हलचल… जिले के सारे पटवारी हो रहे थे सस्पेंड! पुलिस कप्तान मोबाइल वालों से खफा… दस साल से कुर्सी पर कुंडली…

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m