केरल के त्रिशूर जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस से बचने के लिए एक व्यक्ति ने ऐसी तरकीब अपनाई कि सुनकर हर कोई दंग रह जाए। लेकिन उसकी यह चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गांजे को छुपाने के लिए ऐसी तरकीब लगाई जो उसी के लिए मुसीबत साबित हो गई।

क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, कुन्नमकुलम के पास अडुपुट्टी इलाके में रहने वाले 40 वर्षीय बिनीश के बारे में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह अपने घर में गांजा रखता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम उसके घर पहुंची। बताया जा रहा है कि जैसे ही बिनीश ने पुलिस को अपने घर की ओर आते देखा, उसके होश उड़ गए।

घबराहट में उसने प्लास्टिक के पैकेट में रखा गांजा उठाया और उसे उस प्रेशर कुकर में डाल दिया, जिसमें उस समय चावल पक रहे थे। उसे लगा कि गर्म भाप और पकते चावल की वजह से किसी को शक नहीं होगा। इसके बाद उसने कुकर को सामान्य तरीके से चूल्हे पर ही छोड़ दिया।

तलाशी में कुछ नहीं मिला, फिर कुकर पर गई नजर

घर पहुंची पुलिस ने हर कमरे और कोने की बारीकी से तलाशी ली, लेकिन शुरुआत में कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ। मामला लगभग सामान्य लग रहा था, तभी अधिकारियों का ध्यान लगातार सीटी बजा रहे प्रेशर कुकर की ओर गया।

पुलिसकर्मियों को कुकर से निकल रही गंध कुछ अलग लगी। चावल की खुशबू के साथ एक ऐसी महक भी आ रही थी, जिसने उनके शक को और गहरा कर दिया। अधिकारियों ने तुरंत कुकर को चूल्हे से उतारा और उसका दबाव कम होने का इंतजार किया।

कुकर खुलते ही सामने आ गया पूरा खेल

जैसे ही प्रेशर कुकर का ढक्कन खोला गया, अंदर पके हुए चावल के बीच एक प्लास्टिक पैकेट दिखाई दिया। पैकेट की जांच करने पर उसमें 401 ग्राम गांजा बरामद हुआ। यह देखकर पुलिस भी हैरान रह गई कि आरोपी ने सबूत छिपाने के लिए इतना अनोखा तरीका अपनाया था।

मौके पर गिरफ्तारी, पुराने रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस

बरामदगी के तुरंत बाद पुलिस ने बिनीश को हिरासत में ले लिया और थाने ले जाकर उसके खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी पहले भी गांजा तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों में पुलिस के रडार पर रह चुका है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जाती थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m