अनिल मालवीय, ​सीहोर। सीहोर नगर और आसपास के क्षेत्रों में बेमौसम मानसून का मिजाज इन दिनों बेहद मेहरबानी भरा नजर आ रहा है। सोमवार को दोपहर 3 बजे तक जहां लोग भीषण गर्मी, चिलचिलाती धूप और उमस से बेहाल थे, वहीं ठीक 03:10 बजे मौसम ने अचानक यू-टर्न लिया। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने शहरवासियों को गर्मी से बड़ी राहत दिला दी।

​सोमवार की दोपहर तक तापमान और उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा था। सड़कों पर तेज धूप की वजह से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा था। लेकिन दोपहर बाद अचानक आसमान में घने बादल छाए और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। कुछ ही देर में झमाझम पानी गिरने से मौसम सुहाना हो गया और तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने चैन की सांस ली।

ये भी पढ़ें: जबलपुर के पारले बिस्किट फैक्ट्री में लगी भयंकर आग, ज्वलनशील सामग्री के कारण तेजी से फैली लपटें; सभी कर्मचारी सुरक्षित निकाले गए

​सीहोर जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश का दौर अलग-अलग रूपों में जारी है। ​आज दोपहर 3:10 बजे अचानक तेज हवाओं और आंधी के साथ तेज बारिश दर्ज की गई।​ कल रविवार सीहोर नगर में पूरे दिन रुक-रुक कर रिमझिम फुहारें गिरती रहीं। बीते शनिवार को सीहोर के ग्रामीण अंचलों में झमाझम बारिश होने की खबर सामने आई थी। ​लगातार हो रही इस बारिश से एक ओर जहां उमस भरी गर्मी से पूरी तरह निजात मिल गई है, वहीं किसानों और आम नागरिकों के चेहरों पर भी खुशी की लहर दौड़ गई है। मौसम विभाग का मानना है कि इस बदलाव से सीहोर के तापमान में और अधिक गिरावट देखने को मिल सकती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m