शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एटीएस (ATS) की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। मामले में कथित मास्टरमाइंड और सीनियर एजेंट नईम कुरैशी को गिरफ्तार किया गया है। देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में एटीएस ने यह कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी नईम कुरैशी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 4 दिन की एटीएस रिमांड पर भेज दिया गया है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, नईम कुरैशी को उत्तर प्रदेश के सारंगपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। एटीएस सूत्रों के अनुसार, आरोपी नईम पर देश की महत्वपूर्ण और संवेदनशील जानकारियां विदेशी तत्वों तक पहुंचाने का आरोप है। जांच में यह भी सामने आया है कि नईम कुरैशी ने भोपाल निवासी मोहम्मद फराज को कथित तौर पर ट्रेनिंग दी थी और उसे अफगानिस्तान भेजने की योजना में भी शामिल था।
ये भी पढ़ें: भोपाल में पकड़ाया पाकिस्तानी जासूस: ATS ने किया गिरफ्तार, मोबाइल पर मिले जिहादी दस्तावेज, ट्रेनिंग के लिए जाने वाला था अफगानिस्तान
कई राज्यों में नेटवर्क फैलने की आशंका
जांच एजेंसी को जिहादी साहित्य, संदिग्ध दस्तावेज और मदरसों से जुड़े लेनदेन के कुछ साक्ष्य मिलने का दावा किया गया है। मोबाइल फोन की जांच में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के नंबरों से बातचीत के सबूत भी सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी Botim App के जरिए विदेशी संपर्कों से संवाद करता था। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि उत्तर प्रदेश के कई शहरों की तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तान भेजे जा रहे थे। एटीएस को आशंका है कि आरोपियों का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है और यह नेटवर्क कथित तौर पर स्लीपर सेल की तर्ज पर काम कर रहा था। फिलहाल एटीएस और अन्य जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हुई हैं।
नईम कुरैशी से फराज का संपर्क
गौरतलब है कि एंटी टेरेरिस्ट स्क्वाड (ATS) ने भोपाल के काजी कैंप के पास से मोहम्मद फराज नाम के एजेंट को पकड़ा था। आरोपी के पास से मदरसों से लेनदेन की जानकारी सामने आई थी। एटीएस को आरोपी के घर से जिहादी दस्तावेज भी मिले थे। आरोपी मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग ले रहा था। वह विशेष ट्रेनिंग के लिए अफगानिस्तान जाने वाला था। देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में अंडर प्रोविजन आफ यूएपीए एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी मोहम्मद फराज को कोर्ट में पेश करने के बाद 4 दिन की एटीएस रिमांड पर भेजा गया है।


