Bihar Crime: बिहार के सीवान से एक दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आम के बगीचे में नाबालिग युवती का शव पेड़ के सहारे लटका हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती की लटकती हुई लाश मिलने की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पूरा मामला जीबी नगर थाना क्षेत्र के एक गांव की है।

आम चुनने गए युवकों ने देखा शव

घटना बीते रविवार शाम की बताई जा रही है, जो अब जाकर प्रकाश में आई है। मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की शाम आई आंधी और बारिश के बाद अगली सुबह गांव के कुछ युवक बगीचे में गिरे हुए आम चुनने के लिए गए। इस दौरान उनकी नजर आम के पेड़ पर लटके युवती की लाश पर पड़ी, जिसके बाद उनके शोर मचाने पर गांव के अन्य लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे।

परिजनों ने जताई गलत होने की आशंका

मृतक युवती की पहचान गांव की ही एक युवती के रूप में हुई। बेटी का शव देख परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि रात के समय उनकी बेटी घर के पीछे शौच करने के लिए गई हुई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी और अगले दिन उसका शव पेड़ पर लटका हुआ मिला।

परिजनों को शक है कि उनकी बेटी के साथ गलत काम हुआ है। इसके बाद आरोपियों ने उसकी हत्या कर उसकी शव को आम के पेड़ पर लटका दिया। परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए उनकी बेटी की हत्या कर शव को आम के पेड़ पर लटका दिया।

पीएम रिपोर्ट पर टिकी निगाहें

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती के शव को अपने कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार के आरोपों के बाद पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया, जिसने मौके से कुछ जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही युवती के मौत की असली वजह का खुलासा हो सकेगा।

ये भी पढ़ें- पारिवारिक कलह का दर्दनाक अंत: मां ने 6 महीने की मासूम बेटी के साथ खाया जहर, दोनों की मौत